वेदमाता,देवमाता,विश्वमाता माँ गायत्री से सम्बंधित साहित्य को समर्पित ज्ञानकोष

यह श्रेय लेने का दुर्लभ अवसर है

“प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” पुस्तिका पर आधारित लेख श्रृंखला का मात्र एक ही ज्ञानप्रसाद लेख प्रस्तुत करना,बीच में हो रोक देना जिस उद्देश्य से प्रेरित था, सब जानते हैं,फिर से दोहराना अनुचित होगा। आज उसी श्रृंखला का दूसरा लेख प्रस्तुत किया गया है जिसमें गुरुदेव बड़े ही साफ़ शब्दों में कह रहे हैं कि योजना विश्व्यापी हैं तो परिश्रम भी उसी स्तर का होना चाहिए। नैष्ठिक कार्यकर्ताओं से,मूर्धन्यों से ही कुछ आशा है, औरों से,भीड़ से कुछ भी नहीं होने वाला,आओ कुछ करके दिखाओ और ईश्वर के अपार अनुदान प्राप्त कर लो।

इन्हीं शब्दों से आज के ज्ञानप्रसाद लेख  का शुभारम्भ करते हैं।

***************************

गुरुदेव “प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” के बारे में बता रहे हैं:

स्मरण रहे यह संकल्प महाकाल का है, केवल जानकारी पहुँचाने और आवश्यक व्यवस्था जुटाने का काम शान्तिकुञ्ज के संचालकों ने अपने कन्धों पर धारण किया है। सारा कार्य तो उस महाशक्ति ने ही करना है,उसी ने मनुष्य जैसे प्राणी की सीमित शक्ति से उन कार्यों को करने की प्रेरणा दी है जो सच में अविश्वसनीय है। उसी शक्ति ने हमें आगे धकेल कर युग निर्माण के विशाल कार्य के लिए बाधित किया है। वही इस प्रयोजन को पूर्ण भी करेगी क्योंकि युग परिवर्तन की प्लानिंग भी उसी की है।

जब यह पंक्तियां लिखी जा रही थीं शान्तिकुञ्ज के संचालक (हमारे गुरुदेव) 80 वर्ष के होने जा रहे थे। उनका शरीर भी मनुष्य-जीवन की मर्यादा के अनुरूप अपने अन्तिम चरण में था लेकिन ऐसे समय में  भी नियंता ने उनके ज़िम्मे एक और भी बड़ा तथा महत्त्वपूर्ण कार्य सुपुर्द कर दिया। सीमित परिधि होने के कारण, यह कार्य स्थूल शरीर से होने वाला है नहीं, केवल सूक्ष्म शरीर से ही बन पड़ेगा। इस प्रक्रिया के लिए वर्तमान स्थूल शरीर को छोड़ना पड़ेगा और नए सूक्ष्म शरीर में प्रवेश करके प्रचण्ड शक्ति का परिचय देना होगा। यह ऐसा कार्य है जो “सशक्त/शक्तिशाली आत्मा” के द्वारा ही बन पड़ सकता है।

एक तरफ युग निर्माण जैसा विशाल कार्य तो दूसरी तरफ युगसंधि महापुरश्चरण का कार्य; कोई भी परिजन शंका कर सकता है कि यह सब कैसे संभव हो पाएगा।

गुरुदेव ने इस शंका का समाधान निम्नलिखित शब्दों में किया:

महाकाल ने ही यह संकल्प लिया है और वही इसे समग्र रूप में पूरा करायेंगे।

उज्ज्वल भविष्य के लिए गुरुदेव आवश्यक व्यवस्था बनाने और तारतम्य बिठाते रहने के लिए वचनबद्ध तो हैं हीं। हमारे समर्पित पाठक जानते हैं “प्रयोजन के अनुरूप ही दायित्व सौंपे जाते हैं”,विश्वास भी उन्हीं पर किया जा सकता है जिनकी निष्ठा प्रमाणित हो चुकी होती है, हर किसी कार्य का दायित्व,हर किसी को तो नहीं सौंपा जा सकता। जितना बड़ा कार्य,ज़िम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी होती है।

इसी तथ्य को लेकर ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार के मुट्ठी भर प्रतक्ष्य साथी गुरुदेव द्वारा स्थापित “ज्ञानरथ” को पूरी निष्ठा एवं श्रद्धा से आगे ही आगे धकेले जा रहे हैं, सभी का अनेकों बार हृदय से धन्यवाद कर चुके हैं । कहीं पर भी,यदि कोई कमी रहती है तो वोह हमारी अयोग्यता ही है जिसके कारण हमें असफलता का मुँह देखना पड़ता है,ऐसी स्थिति में एक ही मन करता है कि साथियों द्वारा दिए गए सभी सम्मानीय अलंकार उन्हीं के चरणों में वापिस कर दें।

इस बार के स्पेशल सेगमेंट ने ऐसी ही असफलता का सामना करवा दिया। आने वाले शनिवार, 28 नवंबर को अपनी असफलता एवं अयोग्यता पर चर्चा करेंगे कि 10 मिनट की वीडियो के साथ ही पोस्ट हुए इतने उत्कृष्ट कंटेंट का गटर में बह जाने का क्या कारण रहा होगा,साथियों के साथ ठीक से कम्युनिकेशन न कर पाने का क्या कारण रहा होगा कि निराशा का सामना करना पड़ा। आप इसे “मन की बात, अपनों से अपनी बात,हमारी अंतरात्मा की झंकार” कोई भी शीर्षक दे सकते हैं लेकिन हमारी अयोग्यता को परिवार के समक्ष लाना हमारा परम कर्तव्य है।

खैर जो भी हो, सुधार की गुंजाइश तो हमेशा ही होती है, आइए ज्ञानप्रसाद लेख की ओर कदम बढ़ाएं।

गुरुदेव की कार्यप्रणाली:

“अखण्ड ज्योति” हिन्दी मासिक तथा अन्य भाषाओं में उसके संस्करणों के स्थाई सदस्यों की संख्या प्राय: पाँच लाख है। “अखण्ड ज्योति” के पाठकों के साथ विगत 50 वर्षों से सम्पर्क, विचार-विनिमय और परामर्श का क्रम चलता रहा है। इनमें से अधिकांश ऐसे हैं, जो कई-कई बार यात्राएँ करके शान्तिकुंज आते रहे हैं  और घनिष्ठता सम्पादन करते रहे हैं। इस आधार पर इन्हें परिवार के सदस्य माना जाता रहा है। इतना बड़ा परिवार अचानक ही, ऐसे ही तो नहीं बन गया,अवश्य ही पूर्व जन्मों के संचित संस्कारों ने यह मिलन-संयोग स्तर का सुयोग बना दिया हो।

महत्त्वपूर्ण प्रसंगों पर स्वजन-सम्बन्धी ही याद किए जाते हैं। उन्हें ही हँसी-खुशी एवं दु:ख दर्द के प्रसंगों में याद किया जाता है। सहभागी,सहकारी,साथी आदि( जो भी नाम दे लें) भी प्राय: वही होते रहते हैं। बाहर के लोग तो तमाशा भर देखने के लिए इकट्ठे हो जाते हैं। इसलिए उनसे कोई बड़ी आशा की भी नहीं जाती।

महाभारत में भगवान कृष्ण का प्रयोजन पूरा करने के लिए पाँच पाण्डव ही आगे रहे,उन्हीं को श्रेय मिला। सिख धर्म में भी पांच प्यारे ही प्रसिद्ध हैं, उनके बलिदान( बलिदान दिया तो नहीं था!) के कारण ही उन्हें सदिओं तक स्मरण किया जाता रहेगा।

महाकाल के सौंपे हुए नवसृजन का दायित्व भी लगभग महाभारत की तरह का भारी है और उसमें भाग लेने वालों को भी असाधारण श्रेय मिलने वाला है। लेकिन हर किसी से बड़ी आशा भी नहीं की जा सकती। यदि पाँच में से एक भी समर्पित परिजन उभर आ जाए तो बहुत है। पाँच लाख में से यदि एक लाख भी कदम से कदम मिलाकर चल सकें तो बहुत बड़ी बात है। गुरुदेव को विश्वास है कि इतनों के सहारे सौंपा हुआ दायित्व निभ जाएगा।

यहाँ पर “मनुष्य शरीर एवं 10 इन्द्रियों” वाला उदहारण बिलकुल ही सटीक बैठा दिखता हैं। शरीररुपी गाड़ी का उचित संचालन 5 कर्मेन्द्रियां और 5 ज्ञानेन्द्रियां करती हैं लेकिन जब मन रुपी 11वीं इन्द्रिय अपना प्रभाव दिखाना शुरू करती है तो अकेली ही सभी 10 को अपने चंगुल में दबोच लेती है।  मनुष्य शरीर पाँच तत्त्वों का बना है। अन्य शरीरधारियों की तरह उसकी भी संरचना है। अन्य प्राणियों की तरह शारीरिक दृष्टि से उसकी समर्था  सीमित है लेकिन मनोबल (मन का बल) केवल मनुष्य को ही प्राप्त है। यह मनोबल ही है जिसके सहारे महात्मा गाँधी जैसा 5 फीट 2 इंच, 96 पौंड वजन का व्यक्ति भी संसार को हिला देने वाले काम कर सकता है। बुद्ध, परशुराम जैसों की  ऐसे ही लोगों की गणना होती है। अवशय ही कुछ मनोबल तो शरीर में भी होता है जिसके आधार पर मनुष्य कुछ हिम्मत दिखाता है और किसी सीमा तक साहस का परिचय देता है लेकिन असाधारण मनोबल जो जीवन प्रवाह को उलट सके, वातावरण तक को उलट कर किसी नए ढाँचे में बदल सके केवल “दैवी चेतना” के विशेष अनुग्रह से ही प्राप्त होता है। उस प्रकार की उपलब्धि न होने पर काया का पुरुषार्थ मात्र कुछ थोड़ा-बहुत ही कर पाता है। कंकड़-पत्थर जहाँ-तहाँ पड़े रहते हैं लेकिन सोना-चाँदी जैसी बहुमूल्य वस्तुओं को कीमती तिजोरियों में संभाल  कर रखा जाता है। शरीरगत स्वल्प परिश्रम या पुरुषार्थ तो किसी सीमा तक हर किसी को प्राप्त होता है लेकिन उसके सहारे केवल इतना ही बन पड़ता है कि शारीरिक आवश्यकताएँ या क्रियाएँ पूरी हो सकें। ईश्वर द्वारा प्रदान किए गए कान, मधुर संगीत से लेकर चापलूसी भरी प्रशंसा सुनने भर के लिए लालायित रहते हैं। आँखों को सुन्दर-सुहावने दृश्यों में रुची होती है। जीभ को नए-नए स्वाद चाहिए। जननेन्द्रिय का प्रवाह मनुष्य को अक्सर नीचे की ओर ही धकेलता है। यह मन ही है जो मनुष्य को नीचे धकेलता है, ऊपर उठाता है। मन को 11वीं इन्द्रिय माना गया है। उसे वस्तुओं का संग्रह करके आनंद मिलता है,बड़प्पन की प्रशंसा पाकर खुश होना मन की प्रवृति है।

भारतीय फिलॉसॉफी की सामान्य अवधारणा के साथ श्रीमद्भगवत गीता भी मानती है कि मनुष्य के पास 5 ज्ञानेन्द्रियां (Sense organs) और 5 कर्मेन्द्रियां(Organs of action) हैं। रूप, शब्द, गंध, स्पर्श और रस पांच ज्ञानेन्द्रियां हैं और हाथ, पैर, वाणी, मल विसर्जन और प्रजनन आदि के Organs कर्मेन्द्रियां हैं

मन, जिसे 11वीं इन्द्रिय माना जाता है, ज्ञानेन्द्रियों और कर्मेन्द्रियों के बीच रेगुलेटर का काम करता है। ये इन्द्रियां और मन, हमारे ज्ञान और कर्म के साधन मात्र न होकर इस संसार को भोगने के भी साधन हैं। संसार का सुख भोगने में मन ही है जो  विचार और कल्पना के द्वारा भी भोग-विलास में सहायता करता है। “मन” के बारे में अनेकों बार लिख चुके हैं, आज एक बार फिर से घोषणा करना अनुचित नहीं होगा कि

“मनुष्य का मन संसार की सबसे अशांत वस्तु है। उसे कभी भी शांति प्राप्त ही नहीं होती,इसी अशांति के कारण मनुष्य संसार में अपनी इच्छाओं की पूर्ति के साधनों की तलाश में भटकता रहता है,भौतिक खिलौनों से मन बहलाता रहता है, नए-नए आविष्कार करता रहता है। सदैव कुछ नया करने की जिज्ञासा उसे कभी भी शांति से बैठने नहीं देती। जैसे ही मनुष्य को अपनी इच्छा की एक वस्तु मिलती है उसका अशांत मन तुरंत किसी दूसरी वस्तु की तलाश में दौड़ने लगता है।”

मनुष्य में जानने की जिज्ञासा, ज्ञानप्राप्ति की जिज्ञासा ऐसे स्तर की होती है कि संसार में कदम रखते ही अपनी चीख, रुदन से अपना अस्तित्व बताना शुरू कर देता है कुछ ही दिनों में आँखें घुमा-घुमा कर देखना आरम्भ कर देता है। हाथ-पाँव हिला कर अपने आस-पास के वातावरण को फील करना शुरू कर देता है। अगले Step में अपनी तोतली सी वाणी में Communicate भी करना आरम्भ कर देता है और प्रकृति का विधान भी देखो कि First time mother जिसके लिए यह एक नर्सरी की क्लास होती है,सब कुछ स्वयं ही सीख जाती है, स्वयं ही Communicate भी कर लेती है,नवजात शिशु की सभी बातें ऐसे समझती जाती है जैसे वर्षों से परिचित हो।

मनोबल जिसे आत्मबल भी कहा गया है, ऐसे-वैसों को नहीं प्रदान होता, इसीलिए वह दैवी वरदान  कहा गया है। उसके लिए छिटपुट कर्मकाण्ड,चिह्न-पूजा,घंटी बजाना,भगवान को  उपहार आदि से रिझाने से काम नहीं चलता,उसके लिए यदि कुछ चाहिए तो उस दुर्लभ वस्तु का नाम है “पात्रता”, पात्रता विकसित होते ही भगवान खुद दौड़े आते हैं। शरीर का बाहरी कलेवर तो इन्द्रियजन्य आवश्यकता तक के काम करके  समाप्त हो जाता है किन्तु जिसे “तेजस्वी प्रतिभा” कहा जाता है, वह तो मनोबल या आत्मबल से संग्रह होती है। उसे प्राप्त करने के लिए ऐसे आदर्शवादी पुरुषार्थ करने पड़ते हैं, जो शारीरिक सुविधा तक सीमित न हों बल्कि  पुण्य-परमार्थ जैसे अभ्यासों में अपना प्रयोजन सिद्ध कर सकें। यही अन्तराल की वह गहराई है, जिसे माप कर “दैवी अनुग्रह” बरसते हैं और ओजस्वी, तेजस्वी व मनस्वी स्तर की उच्च उपलब्धियाँ हस्तगत की जाती हैं।

शायद ही  कोई ऐसा पाठक होगा जो इन पक्तियों को पढ़ रहा हो और लालच भरी दृष्टि से दैवी अनुग्रह को और न देख रहा हो, साथिओ यह एक उत्तम पल है,कुछ कर दिखाने का पल है,कमर कसने का पल है,बहानेबाज़ी से कुछ नहीं होगा, गुरुदेव की वाणी को पहचानें और श्रेय लेने के लिए तैयार हो जाएँ।

जय गुरुदेव


Leave a Reply