वेदमाता,देवमाता,विश्वमाता माँ गायत्री से सम्बंधित साहित्य को समर्पित ज्ञानकोष

हम सब के लिए यह बहती गंगा में हाथ धोने का समय है,श्रेय लेने का समय है

“युगसंधि महापुरश्चरण” जैसे विश्व्यापी अभियान को मात्र तीन लेखों के माध्यम से समझ पाना गुरुकृपा के इलावा कुछ हो ही नहीं सकती। 5 अगस्त 1980 वाला गुरुदेव का उद्बोधन हाथ में थमाना,उसे समझने की समर्था प्रदान करना,एक-एक शब्द को समझाना,नैष्ठिक साधक कहाँ से आए,गायत्री मंत्र का असीम शक्ति,सामूहिकता की शक्ति आदि ऐसे प्रश्नों के उत्तर ढूंढ पाना गुरुकृपा नहीं तो और क्या है ? लिख तो यह उंगलियाँ ही रही हैं लेकिन लिखवाने वाला कोई और ही है !!!

आइए, “युगसंधि महापुरश्चरण” श्रृंखला के तीसरे एवं समापन लेख का शुभारम्भ करें।

****************

“युगसंधि महापुरश्चरण” में हिमालय में तपस्या कर रही दिव्य आत्माओं का योगदान:

परम पूज्य गुरुदेव के दिव्य साहित्य और गायत्री परिवार की फिलॉसफी  के अनुसार “युगसंधि महापुरश्चरण” के लिए आवश्यक नैष्ठिक साधकों एवं ऋषि आत्माओं को मुख्य रूप से दो स्तरों पर प्राप्त किया गया था।

1.गुरुदेव ने अपने साहित्य  में उल्लेख किया है कि इस युग परिवर्तन के महाभियान को सफल बनाने के लिए उन्होंने हिमालय के दुर्गम क्षेत्रों में सूक्ष्म शरीर से तपस्या कर  रही दिव्य आत्माओं  को शांतिकुंज में आमंत्रित करके, आध्यात्मिक वातावरण स्थापित किया  था ताकि पृथ्वी पर चल रहे साधनात्मक प्रयोगों को दिव्य संरक्षण और ऊर्जा प्रदान हो सके।

2. स्थूल जगत में “युगसंधि महापुरश्चरण” के लिए गुरुदेव ने समाज के साधारण गृहस्थों के बीच से ही उन आत्माओं को चुना और तराशा, जो पूर्व जन्मों में उच्चकोटि के साधक रह चुके थे।

गुरुदेव का मानना था कि युग निर्माण के लिए किसी विशेष मठ या गुफा से संन्यासियों को लाने के बजाय, गायत्री परिवार के करोड़ों परिजनों के भीतर सोई हुई प्रखरता को जगाकर उन्हें ही “नैष्ठिक साधक” और “लोकसेवी” के रूप में तैयार किया जाए । उन्होंने अपनी तप-साधना की ऊर्जा और शक्तिपात के माध्यम से सामान्य दिखने वाले व्यक्तियों को असाधारण साधनात्मक पुरुषार्थ के लिए प्रेरित किया।

गायत्री मंत्र के 24 अक्षर एक संपूर्ण जीवन-दर्शन हैं। इनका नियमित जप और अर्थ का चिंतन करके मन की नकारात्मकता को दूर करते हुए, सकारात्मक (चिंतन) का अभ्यास करना, आचरण को पवित्र (चरित्र) बनाना और समाज के प्रति बर्ताव को आदर्श (व्यवहार) बनाना एक सर्वमान्य तथ्य है।  गुरुदेव ने गायत्री मंत्र के इसी सूत्र का प्रयोग किया।

गुरुदेव बताते हैं कि इस महान अभियान में जो सबसे आगे चलेंगे, उन्हें ज्यादा लाभ प्राप्त होगा। यह संकटकालीन परीक्षा की घड़ी है जिसमें भगवान् राम के रीछ-वानरों से लेकर गिद्ध-गिलहरी की भूमिका के साथ-साथ भगवान कृष्ण के ग्वाल-वालों की तरह हर एक को अपनी-अपनी लाठी का सहारा देकर गोवर्धन उठाने वालों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

हर किसी  को साहसी होना चाहिए, किसी को भी भयभीत या आतंकित होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे अवसरों पर दूरदर्शिता और साहसिकता का अनुपात बढ़ाने से ही काम चलता है। समय रहते रोकथाम करने और कठिनाइयों से जूझने का साधन जुटाने में तत्पर होना ही ऐसे अवसरों पर बुद्धिमत्ता-पूर्ण होता है।

इन दिनों ऐसी ही बुद्धिमत्ता की आवश्यकता है, जो प्राणवानों के शौर्य-साहस को बढ़ाये और जन-जन की प्रखरता को जगाने के लिए काम आये।

मित्रो! आपको इस कार्य के लिए आगे आना चाहिए। यह महापुरश्चरण आपके लिए तथा समाज के लिए बहुत ही लाभदायक सिद्ध होगा। इसको सफल बनाने के लिए आपको प्रयास करना है। भगवान् से हम प्रार्थना करते हैं कि जो साधक इसमें भाग लें, उनको असंख्य गुना लाभ मिलें।

“युगसंधि महापुरश्चरण” की व्यवस्था हमने गायत्री जयंती यानि  23 जून 1980 से बनाई है। यह 20 वर्ष तक लगातार चलेगा। वर्ष 2000 की गायत्री जयंती पर इसकी पूर्णाहुति होगी। इसके भागीदार मात्र जप संख्या ही पूरी नहीं करेंगे बल्कि उस प्रयोग में अधिकाधिक निष्ठा का भी समावेश करेंगे।

“युगसंधि महापुरश्चरण” के प्रत्येक भागीदार को समझ लेना चाहिए कि यह कोई शौकिया, मनमौजी, अस्त-व्यस्त भजन-पूजन करने जैसा नहीं है बल्कि जो कुछ भी करना है उसमें परिपूर्ण नैष्ठिकता का समावेश करना है।

निष्ठा के ऐसे ही मार्ग पर चलते हुए आत्मशक्ति का विकास एवं आत्मकल्याण का लक्ष्य पूरा होता है।

यह युगसंधि महापुरश्चरण देखने में छोटा लग रहा है लेकिन इसके द्वारा भविष्य में बहुत लाभ  होने वाला है, यदि लाभदायक न होता, तो हम आपसे इसमें भागीदार बनने के लिए भावभरा निवेदन ही न करते।

यह वर्तमान समय की माँग है कि वातावरण में अवांछनीयता का जो समावेश हो गया है, उसे समय रहते निरस्त किया जाय।

सभी जानते हैं कि जब बच्चा पैदा होने को होता है तो एक तरफ नवजात शिशु के स्वागत की तैयारी चलती है तो दूसरी ओर प्रसूता को प्रसव का भारी कष्ट सहना पड़ता है। युगपरिवर्तन की इन घड़ियों में भी इसी प्रकार की उथल-पुथल हो रही है।

एक ओर ध्वंस चरम सीमा पर पहुँच चुका है तो दूसरी तरफ नवसृजन की प्रक्रिया जन्म लेने वाली है। हमें इसी सृजन का काम करना है।

इस समय मनुष्य की मनःस्थिति एवं परिस्थिति बिलकुल बदल चुकी है,उसके  विचार करने का ढंग गलत हो गया है। इसके कारण नित्य अनेकों प्रकार की विभीषिकाएँ उत्पन्न हो रही हैं।

हमारे पाठक अनुभव कर सकते हैं कि लगभग पांच दशक पूर्व गुरुदेव जो बात कर रहे थे आज वैसा ही दिख रहा है। यदि यह दिव्य कार्य न किया होता तो न जाने नकारात्मकता किस स्तर की होती।

युगसंधि का यह पर्व बहुत ही विशेष है। ऐसे दुर्लभ अवसर  हजारों-लाखों वर्षों  के बाद ही  आते हैं। भगवान् को युग-परिवर्तन करना पड़ता है लेकिन वे केवल आप जैसी आत्माओं को ही अपना माध्यम बनाते और प्रभावित करते हैं। निराकार ब्रह्म के लिए यह स्वयं कर पाना कठिन होता है। वह अपने व्यापक विराट् स्वरूप को समेटकर व्यक्तियों का स्वरूप बनाते हैं और सामान्यजनों से यह बड़ा कार्य करवाते हैं। शासनाध्यक्ष का काम योजना बनाना और निर्देश देना होता है। आज की परिस्थितियाँ ऐसी हैं जिससे भगवान् बहुत ही दुःखी हैं,वह परिवर्तन चाहते हैं।

मानव समाज में आध्यात्मिक अनुदानों की प्रचलित परम्परा रही है। गुरु अपने शिष्यों को, देवता अपने भक्तों को समय-समय पर अनेकानेक अनुदान देते रहे हैं लेकिन इस बात का ध्यान भी रखते रहे हैं कि उपलब्धकर्त्ता उन अनुदानों को अपने स्वार्थ के लिए खर्च न कर दे।

दैवीय वरदान दिव्य प्रयोजनों के लिए दिया जाता है।

गुरुदेव रामकृष्ण परमहंस को जनकल्याण करना था, उन्होंने  विवेकानंद को ढूँढ़ निकाला और अभीष्ट प्रयोजन की पूर्ति के लिए जितनी शक्ति की आवश्यकता थी उन्हें  दे दी। इसी प्रकार शिवाजी को समर्थ गुरु रामदास का और चन्द्रगुप्त को चाणक्य का अनुदान मिला था।

यह युगसंधि का विशेष समय है, स्रष्टा को युग का परिवर्तन करना है। युगसंधि की इस वेला में नवसृजन का उत्तरदायित्व सँभालने वाली दिव्य शक्तियों को “जाग्रत आत्माओं” की तलाश है। इन आत्माओं को जितना लाभ कठोर तपश्चर्या, साधना की कठिन परिस्थितियों को पार करके मिल सकता था, उतना लाभ इस विशिष्ट अवसर पर मिलने वाला है। इसे “दैवी अनुदान” कहा जा सकता है। युगसंधि की इस उपासना के माध्यम से उच्चस्तरीय अनुदान वितरण द्वारा किया जा रहा है। जिस प्रकार अकाल आदि की  परिस्थितियों में सरकार कुआँ खोदने, उद्योग खड़ा करने, नहर बनाने जैसे कामों के लिए विशेष रूप से धनराशि देती है, उसी प्रकार इन दिनों ऐसे असंख्य संस्कारवान आत्माओं को दिव्य अनुदान मिलने वाला है, जो किसी जमाने में भगवान् राम,योगेश्वर कृष्ण के सहयोगियों को प्राप्त हुआ था।

धरती पर जब कभी भी अनीति-अत्याचार की बढ़ोत्तरी होती है, इसी प्रकार का क्रम चलता रहा है, शालीनता और सज्जनता लाने का प्रयास किया जाता रहा है। जब कभी भी कठिन समय आता है तो बहुत से लोग ऋषि-चरणों में अपना सब कुछ समर्पित कर देते हैं। विश्वामित्र के चरणों में राजा हरिश्चन्द्र, भगवान् बुद्ध के चरणों में राजा अशोक का समर्पण किसको भूला है।

दो विश्व युद्ध एवं अन्य अनेकों  युद्धों के कारण वातावरण इतना दूषित हो गया है कि वातावरण की शुद्धि में इस “युगसंधि महापुरश्चरण” द्वारा एक महत्त्वपूर्ण भूमिका सम्पन्न होगी।

यह सारी प्रक्रिया कैसे सम्पन्न हो पायेगी ?

गुरुदेव बताते हैं कि हिमालय के आध्यात्मिक ध्रुव केन्द्र से  दिव्य क्षमताओं का, प्राणचेतना का प्रसार एवं विस्तार हो रहा है जिन्हें ग्रहण एवं धारण करने वाले असंख्य मनुष्यों का कल्याण हो सकेगा। सामान्य से दिखने वाले मानव,सदिओं से दैवी शक्तियों का अनुदान जन-जन तक पहुँचाने में लगे रहे हैं। भगवान् ने अपने काम इन्हीं के माध्यम से पूरे किये हैं, जन-जन का हित ऐसे ही हुआ है।

“युगसंधि महापुरश्चरण” हमारे नैष्ठिक साधकों का यही कार्य होगा।

इस प्रकार की साधना में “पुरुषार्थ ही प्रमुख” होता है। इसके द्वारा ही वातावरण का परिष्कार संभव होता है ।

सामूहिकता का लाभ:

सामूहिकता का लाभ सभी जानते हैं। प्राचीनकाल से लेकर अब तक सभी बड़े काम सामूहिकता के बलबूते ही  होते रहे हैं। प्राचीनकाल में सभी ऋषियों की सामूहिकता अर्थात् बूँद-बूँद रक्त के द्वारा माता सीता की उत्पत्ति हुई थी। यही सीता भगवान् राम से कहीं ज्यादा असुरता को समाप्त करने में तथा रामराज्य की स्थापना करने में सफल हुईं। सीता क्या थी? ऋषियों की सामूहिकता का प्रतीक थी। दुर्गा का अवतार क्या था? देवताओं की सामूहिक शक्ति को इकट्ठा करके प्रजापति ब्रह्मा ने दुर्गा का अवतरण कराया था। प्राचीनकाल से ही श्रेष्ठ कामों के लिए अच्छे लोगों का सहयोग लेने की पद्धति रही है। भगवान् श्रीकृष्ण का गोवर्धन उठाना, भगवान् राम का समुद्र में पुल बाँधना, यह सब सामूहिकता का ही प्रतीक है।

युगसंधि महापुरश्चरण भी इसी तरह का “एक महत्त्वपूर्ण सामूहिक प्रयास” है। हमने गायत्री उपासना के द्वारा ही सारा चमत्कार पाया है। हम देखना चाहते हैं कि आप लोग इसमें कितनी श्रद्धा-निष्ठा के साथ काम करते हैं। हमें विश्वास है कि यह कार्य बहुत व्यापक स्तर पर बढ़ने वाला है। हमें यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि यह कार्य बढ़ेगा, वातावरण में अप्रत्याशित रूप से बदलाव आयेगा, नयी पीढ़ियाँ बदलती चली जाएँगी। आपका जो श्रम, भावना,धन इसमें लगेगा वह हजार गुना होकर वापस आएगा, आप धन्य हो जाएँगे।

यह महापुरश्चरण केवल भारत के लिए नहीं बल्कि सारे विश्व के लिए, मनुष्य जाति के लिए बहुत ही महत्त्वपूर्ण रहेगा। अगले दिनों युगसृजन में “गायत्री महाविद्या” को युग-शक्ति का रूप धारण करना है। अगले ही दिनों उसे विश्वदर्शन का, अध्यात्म का केन्द्र बिन्दु बनने का अवसर मिलेगा। हम भगवान् से प्रार्थना करते हैं कि आपके घर-परिवार में सुख-शांति आवे,आप  प्रगति की ओर बढ़ें तथा आपका भविष्य उज्ज्वल हो।

ॐ शान्ति


Leave a Reply