ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार के मंच पर समर्पण,निष्ठा, भीड़ आदि शब्द बार-बार प्रयोग किये जाते हैं ताकि किसी भी पढ़ने वाले को आभास हो जाए कि यह किस स्तर का परिवार है,किस गुरु की संतान है एवं जिस लेवल की करैक्टर बिल्डिंग की बात की जाती है उस पर सच में अमल किया जाता है की नहीं।
आज के लेख में गुरुदेव अखंड ज्योति पत्रिका के पाठकों के सम्बन्ध में गोताखोर की बात कर रहे हैं,मणिमुक्तकों की बात कर रहे हैं,बता रहे हैं कि इतना समर्पित परिवार अनायास ही नहीं तैयार हो गया, उनका परिष्कार करना कोई सरल कार्य नहीं है, यह सारी बातें ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार पर भी पूर्णतया फिट बैठती हैं। जिस प्रकार गुरुदेव को अखंड ज्योति के पाठकों पर विश्वास है उसी तरह हमें भी अपने साथिओं पर पूरा विश्वास है।
“प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” पुस्तिका पर आधारित लेख श्रृंखला का आज तीसरा लेख प्रस्तुत किया गया है,आइये सभी गुरुचरणों में समर्पित होकर ज्ञान के अमृत का पयपान करें।
********************
परम पूज्य गुरुदेव युग निर्माण के विश्व्यापी अभियान के बारे में बता रहे हैं ;
सभी लोग जानते हैं कि एक छोटा सा घर बनाने के लिए कितना समय, श्रम और पैसा खर्च होता है,विश्व का नवनिर्माण करने के लिए कितना मनोबल, कितना श्रम, कितने साधन चाहिए, उसका अनुमान लगाना किसी के लिए भी कठिन नहीं होना चाहिए। इतने बड़े कार्य को करने का वर्चस्व किसी मनुष्य-तनधारी में नहीं हो सकता। अवश्य ही इसके लिए बहुत बड़ी मात्रा में “ईश्वरीय आत्मबल” एवं सुसंस्कारित संचित मनोबल चाहिए।
कहाँ से आएगा इस स्तर का मनोबल?
गुरुदेव कहते हैं कि आत्मबल और मनोबल प्राप्त कर सकना किसी के लिए भी कठिन नहीं होना चाहिए, आवश्यकता केवल एक ही बात की है और वह है:
आदर्शों का परिपालन निष्ठापूर्वक किया जाए। आस्तिकता, आध्यात्मिकता और धार्मिकता के प्रति गहरी आस्था हो, अपना स्वयं का मूल्य और महत्त्व समझा जाए और जो क्षमता जन्मजात रूप से उपलब्ध है, उसका समुचित उपयोग किया जाए।
मनुष्य के पूर्वसंचित संस्कारों का संग्रह तथा उसके फलित होने का अवसर मोटे तौर से हस्तरेखाओं का सूक्ष्म निरीक्षण करके जाना जा सकता है। हस्तरेखाओं की भांति हर व्यक्ति के अँगूठे की छाप भी भिन्न होती है। जिन एक्सपर्ट्स को इस विषय की समुचित जानकारी है, वे मनुष्य की भावी सम्भावनाओं, उनकी रोकथाम एवं बढ़ोत्तरी करने के सम्बन्ध में भी बहुत कुछ जान सकते हैं। अनिष्टों को रोकने, अशुभ सम्भावनाओं की रोकथाम के लिए क्या उपाय किए जाएँ, बहुत कुछ अनुमानित किया जा सकता है। भविष्वाणिओं का विषय कोई ऐसा वैसा विषय नहीं है, इससे भावी सम्भावनाओं एवं बीते हुए घटनाक्रमों का भी आभास हो सकता है। आमतौर पर तो जानकारियाँ ठीक ही होती हैं लेकिन जिन एक्सपर्ट्स को सूक्ष्म-दर्शन का ज्ञान है, वे यह पता भी लगा लेते हैं कि अगले दिनों क्या कुछ शुभ-अशुभ घटित होने जा रहा है। इस आधार पर कठिनाइयों का निवारण-निराकरण ही नहीं, सुखद सम्भावनाओं के अधिक अच्छी तरह फलित होने के सम्बन्ध में भी मार्गदर्शन मिल सकता है। इस फील्ड के अनुसार कोई भी घटनाक्रम अनिवार्य या अकाट्य नहीं है, सभी के उपाय-उपचार हैं। कई रोग असाध्य या कष्टसाध्य समझे जाते हैं,धारणा बना ली जाती है कि इसका तो कोई उपचार है ही नहीं, अब तो जीवन का ऐसे ही निर्वाह होना निश्चित है। लेकिन ऐसा नहीं है कि उनका उपाय-उपचार हो ही न सकता हो। गुरुदेव ने स्वयं अपनी दिव्य दृष्टि से अनेकों भविष्यवाणियां की हैं लेकिन इस सम्बन्ध में हम बच्चों के लिए उनका एक ही सन्देश है कि मनुष्य स्वयं अपने “भाग्य का विधाता” है। एक तरफ जहाँ मनुष्य नियति से प्रेरित रहता है,उसी के वश में है, भाग्य में जो लिख दिया वोह होकर ही रहेगा, वहीं दूसरी तरफ मनुष्य में उस क्षमता के बीज भी मौजूद हैं जो किसी भी कष्ट के निवारण-निराकरण के उपाय खोज सके, भाग्य को टाल सके और प्रतिकूलता को अनुकूलता में बदल सके। यह तथ्य इतना साइंटिफिक है कि यदि ऐसा न हो सकता होता तो कोई भी परिवर्तन संभव ही न होता और मनुष्य “भाग्यचक्र की कठपुतली” बनकर ही रह जाता।
पाठक अपने ह्रदय से स्वयं ही प्रश्न कर सकते हैं: मेरे भाग्य को किसने लिखा है? क्या मुझे उसके लिखने पर विश्वास करना है यां नहीं? लिखने वाला कितना सूक्ष्मदर्शी है? उसकी भविष्यवाणी की सार्थकता के लिए कितने और कैसे Reviews उपलब्ध हैं ?आजकल तो Reviews का ज़माना है, किसी रेस्टोरेंट में खाना खाने जाने से पहले हम उसके Reviews देखते हैं, लेकिन यह तो सारे जीवन की भविष्यवाणी हो रही हैं,पूछेंगें नहीं कि किसने की है? कैसी विडंबना है कि खाना खाने जैसी छोटी सी बात का निर्णय भी कोई और कर रहा है। यह तो वही बात हुई जो हम बार-बार कहते आ रहे हैं, “हम किसी के कहने पर जीवन जी रहे हैं, हमारा तो कुछ भी नहीं है।” साथिओ, आज का युग जिसे हम प्रगतिशील युग कह कर गर्व महसूस करते रहते हैं, यह स्थिति उसी की देन है।
खैर इस विषय को यहीं पर छोड़कर आगे बढ़ते हैं।
21वीं सदी जिसके 26वें वर्ष की यात्रा करने का हमें सौभाग्य प्राप्त हो रहा है, अनेकानेक चुनौतियों से भरी है। सभी जानते हैं कि नदी के बहाव और हवा के रुख को बदल पाना आसान नहीं होता लेकिन इस कठिन,जोखिमभरे कार्य को मनुष्य ही तो पार कर पाता है!!! ईश्वर ने अपने राजकुमार/राजकुमारिओं को असाधारण क्षमताओं से लैस करके इस धरती पर भेजा है,अपनी शक्ति देकर परमपिता परमात्मा ने अपनी संतान से ही यह कार्य करवाना है। यह सुनिश्चित है कि नदी का रुख बदलने के लिए असाधारण प्रतिभा होनी चाहिए। साधारण प्रतिभा के रहते वैसा कर गुजरना डींग मारना ही माना जाएगा और जोखिम भरा भी। सभी पाठक जानते हैं कि नदी का मार्ग मोड़ने के लिए,डैम बनाने के लिए कितनी शक्ति की आवश्यकता होती है,गुरुदेव भी ऐसे ही उलटे हुओं को सीधा करने की बात कर रहे हैं ताकि लोगों की राय लेकर रेस्टोरेंट न जाना पड़े, मनुष्य इतना कमज़ोर न हो कि वह इतना छोटा सा निर्णय भी न कर पाए, डींगें तो आकाश को फतह करने की करता है,वाह रे वाह!!!
गुरुदेव हम बच्चों को, अखंड ज्योति के समर्पित पाठकों के बारे में बता रहे हैं कि इतनी बड़ी सेना आकस्मिक रूप से ही इकट्ठी नहीं हो गई है। पत्रिका में प्रकाशित होने वाले रोचक/आध्यात्मिक लेख ही पाठकों को एक सूत्र में बाँधने का कारण नहीं है बल्कि इसके पीछे कुछ अन्य रहस्यमय कारण भी काम कर रहे हैं। गोताखोर गहरे पानी में डुबकी लगाकर मोतियों का संग्रह करता है, मणि-मुक्तक खदानों में पाए तो जाते ही हैं लेकिन उन्हें कोई कहीं से भी झट से खुदाई करके बोरा नहीं भर लेता, दुर्लभ जड़ी-बूटियाँ बड़ी खोज के बाद ही किन्हीं विशेष क्षेत्रों में पाई जाती हैं। निकट भविष्य में न जाने कितनों को ही, कितनी ही बड़ी भूमिका निभा सकने की क्षमता से सम्पन्न बनाया जाना है, परिष्कृत किया जाना है। हर कोई मनुष्य, हर काम नहीं कर सकता। भारी वजन उठा सकने में हाथी जैसे समर्थ प्राणी ही सफल होते हैं। छोटे कद के प्राणी के लिए उठा सकना तो दूर, दबाव की अधिकता से अपना ही कचूमर निकाल बैठेगा। हर मनुष्य, हर क्षमता से सम्पन्न नहीं है। रामायण में हनुमान की, महाभारत में अर्जुन की जो भूमिका रही, उसे उन दिनों उपस्थितजनों में से अन्य कोई भी आसानी से पूरा नहीं कर सकते थे। यहाँ पर मनुष्य की समर्थता पर सन्देह नहीं किया जा रहा लेकिन बिना संचित सुसंस्कारिता, प्रतिभा और तप-सम्पदा के हर कोई चाहे जो कर गुजरे, ऐसा भी नहीं है। यही कारण है कि हर प्रयोजन के लिए पात्रता तलाशी जाती है और जो काम जिसके करने योग्य है, उसी को सौंपा जाता है। सेनापति के पद पर हर किसी की नियुक्ति नहीं की जा सकती, उसकी बलिष्ठता, हिम्मत, कौशल एवं प्रतिभा आदि गुणों को भी परखा जाता है।
अगले दिनों अनेकानेक ऐसे क्षेत्र सामने खड़े होंगे, जिनमें विशेष पुरुषार्थ दिखाने की आवश्यकता पड़ेगी। उन्हें साधारण लोग न कर सकेंगे। इस साधारण और असाधारण के चयन का अभी से ध्यान रखना होगा। बड़े निर्णय अकेले नहीं किए जा सकते हैं। प्रतिभाओं की परख कम्पीटीशन की कसौटी पर होती रहती है और जो अनेक बार अपनी योग्यता का परिचय दे चुके होते हैं, उन्हें ही कठिन मोर्चा सम्भालने के लिए नियुक्त किया जाता है। शेष हल्के दर्जे के मोर्चे पर हल्के लोगों को लगाकर किसी प्रकार काम चलाया जाता है। अगले दिन ऐसी ही अनेक कसौटियाँ और चुनौतियाँ साथ लेकर आ रहे हैं।
गुरुदेव ने प्रतिभाशाली महामानवों की तलाश कैसे की थी?
इस सन्दर्भ में अखण्ड ज्योति परिजनों की जाँच-पड़ताल अभी से आरम्भ की जा रही है। इस परिवार में सामान्य लोगों की तुलना में असामान्यों को ही एकत्रित किया गया है, ऐसे ही हर कोई जीवनभर के लिए इस पत्रिका के लिए चंदा भेजने को राज़ी नहीं हो गया, उसे कुछ तो असाधारण मिला ही होगा।
36 पूर्व गुरुदेव ने अनुभव कर लिया था कि लोगों में निम्नस्तर साहित्य में काफी आकर्षण है। ऐसा इसलिए है कि लोगों में उत्कृष्टता का महत्त्व समझने के लिए उत्साह ही नहीं उभरता, कहने-समझाने पर भी यह बात पल्ले नहीं पड़ती कि ज्ञान वोह होता है जो आपके जीवन को जीने की दिशा प्रदान करे। यही कारण है कि उच्चस्तरीय विवेकशीलता का प्रतिपादन करने वाला साहित्य लगभग न के बराबर ही बिकता-खरीदा जाता है। लोग उसे खुशामद करके मुफ्त भी पढ़ने को तैयार नहीं होते। जिसमें रुचि न हो, उसके लिए समय कौन लगाए, समझने के लिए माथा-पच्ची कौन करे? यही कारण है कि अखण्ड ज्योति में प्रकाशित होने वाले विषय जैसी अन्य पत्रिकाएँ कुछ दिन निकलने के बाद ही बन्द हो जाती हैं। जो निकलती है, उसकी सदस्य संख्या कुछ सौ तक ही सीमित रहती है,वोह भी विज्ञापन छापने की नीति अपनाने के बाद ही किसी प्रकार उसकी नाव पर लगती है लेकिन अखण्ड ज्योति के बारे में बात ही दूसरी है। गरिष्ठ विषय (भारी भरकम विषय) का प्रकाशन होने पर भी उसके पाठक इतनी बड़ी संख्या में हैं कि उसकी तुलना,उसके बराबर की पत्रिकाओं में से किसी के साथ भी कदाचित ही की जा सके।
यह चमत्कार अनायास ही नहीं हुआ है। किसी आकर्षण-शक्ति ने अपने चुम्बकत्व के सहारे पाठकों को ढूँढ़ा खोजा और प्रयत्नपूर्वक एकत्रित किया है। संचित सुसंस्कारिता और विलक्षणता उन्हेें अपने आकर्षण केन्द्र के साथ जोड़ती रही है। सशक्त चुम्बक के इर्द-गिर्द लौह-कण आकर्षित होकर स्वयं ही खिंचे चले आते हैं और उस स्थान पर एकत्रित, एकजुट हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ अखण्ड ज्योति पाठकों के सम्बन्ध में भी हुआ है।
इस प्रसंग को लेखन, प्रकाशन, वाचन के साहित्यिक क्षेत्र भर तक सीमित नहीं करना चाहिए। यह किसी बड़े मोर्चे पर जूझने वाले बलिष्ठ योद्धाओं का परिवार है, जो अनेक परीक्षाओं में उत्तीर्ण होते-होते इस शक्तिशाली सेना में एकत्रित हुआ है।
इसे साहित्य की गहराई में उतरकर समझना हो, तो इसी निष्कर्ष पर पहुँचना पड़ेगा कि “कुछ विशेष क्षमता सम्पन्न मधुमक्खियाँ ही इस छत्ते में रानी मक्खी के अनुशासन में रहने के लिए खिंचती चली आई हैं और इस प्रकार सघनतापूर्वक गुँथ गई हैं, मानों कई जन्म-जन्मान्तरों से एक सूत्र में बँधी आ रही हों, जैसे-स्नेह-सूत्र में बँधे हुए आत्मीयजन होते हैं। इसका निरन्तर परीक्षण भी होता रहा है। परिजनों को उनकी शक्ति एवं सामर्थ्य देखते हुए समय-समय पर ऐसे आदर्शवादी काम सौंपे जाते रहे हैं जिनमें औसत आदमी की रुचि नहीं होती। उन्हें भी इतनी तत्परता और तन्मयता के साथ करते रहना इस तथ्य का परिचायक है कि यह रास्ता चलती भीड़ नहीं है बल्कि यह किसी विशेष उद्देश्य के लिए विशिष्ट परिजनों का समुच्चय है।”
उपरोक्त सभी शब्द ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार के समर्पित साथिओं पर भी पूरी तरह फिट बैठते हैं, हम ह्रदय से धन्यवाद् करते हैं।
जय गुरुदेव
