त्रय शताब्दी वर्ष 2026 में लिए गए संकल्प के अनुसार परम पूज्य गुरुदेव की अनेकों दिव्य रचनाओं का स्वध्याय करके,उन्हें समझकर,सरल करके ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार के मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है, सभी साथी इस दिव्य साहित्य का अमृतपान करके,लिए गए संकल्प में यथासंभव सहयोग कर रहे हैं जिसके लिए हम सभी का ह्रदय से आभार व्यक्त करते हैं।
इस समय चल रही “क्रांतिधर्मी साहित्य पुस्तकमाला” की 23 पुस्तिकाओं का एक-एक करके क्रमवार कार्य चल रहा है। पुस्तकमाला की 9वीं पुस्तिका “प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” का प्रथम लेख प्रस्तुत करते समय “युगसंधि महापुरश्चरण” की बात की गयी थी। संकल्प लिया गया था कि इस अभूतपूर्व कार्य को समझने का प्रयास किया जायेगा। यही कारण है कि “प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” पुस्तिका पर आधारित लेख श्रृंखला का केवल पहला लेख ही लिखकर, बीच में ही छोड़कर युगसंधि महापुरश्चरण को समझना उचित समझा गया है। इस विषय पर परम पूज्य गुरुदेव की पुस्तक “युगसंधि महापुरश्चरण और संकट निवारण” तो अवश्य ही उपलब्ध है लेकिन हम जैसे नौसिखिओं के लिए गुरुदेव का 5 अगस्त 1980 वाले दिन शांतिकुंज प्रांगण में दिया गया उद्बोधन ही पर्याप्त है।
आने वाले दिनों में इसी उद्बोधन के कुछ अंश एवं ऑनलाइन रिसर्च की सहायता से “युगसंधि महापुरश्चरण” को समझने का प्रयास किया जायेगा।
सबसे पहले तो शीर्षक के दोनों शब्द “युगसंधि” और “महापुरश्चरण” का अर्थ समझ लेना उचित रहेगा। युगसंधि से तात्पर्य दो युगों,दो शताब्दिओं 20वीं और 21वीं शताब्दिओं के मिलन से है, एक ऐसे समय से हैं जब एक सदी का अंत हो रहा है और दूसरी सदी का जन्म हो रहा है। 24 लाख गायत्री जाप के आध्यात्मिक पुरुषार्थ को महापुरश्चरण कहा जाता है। सभी पाठक जानते हैं कि हमारे गुरुदेव ने, अपने गुरु के आदेश पर 24 वर्ष तक 24 महापुरश्चरण सम्पन किए जिसके अंतर्गत अन्य शर्तों के साथ एक दिन में 66 माला गायत्री जप किया गया था। यदि एक माला में 108 मनके हों, 66 माला प्रतिदिन के हिसाब से 365 दिनों में लगभग 26 लाख का नंबर आता है।
तो साथिओ यह है बेसिक सी जानकारी, चलिए आगे चलते हैं।
सबसे पहले कुछ महत्वपूर्ण प्रश्नों को समझना बहुत ही ज़रूरी है।
गुरुदेव युगसंधि महापुरश्चरण क्यों करना चाहते थे?
युगसंधि महापुरश्चरण की प्रक्रिया क्या थी?
इस कार्य को सम्पन्न कराने के लिए नैष्ठिक कार्यकर्ता कहाँ से उपलब्ध कराए गए?
कार्यकर्ताओं का चयन किस आधार पर हुआ था?
सामूहिक गायत्री जप से क्या लाभ था?
आशा करते हैं कि आने वाले लेखों में इस सभी प्रश्नों के उत्तर एक-एक करके मिलते जायेंगें।
आइए गुरुदेव के उद्बोधन से ही आज के लेख का शुभारम्भ करें।
**********************
5 अगस्त, 1980 को शांतिकुंज परिसर में दिया प्रवचन
गायत्री मंत्र हमारे साथ-साथ:ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो योनः प्रचोदयात्।
देवियो, भाइयो! बड़ी ही प्रसन्नता की बात है कि इस समय जगह-जगह “गायत्री महापुरश्चरण” की साधना चल रही है। पाठक जानते ही होंगे कि महापुरश्चरण में 24 लाख मंत्रों का संकल्प लिया जाता है। अगर आप विचार करें, तो यह पायेंगे कि यह समय बहुत ही संकटकालीन है। इस समय धरती पर महामारी, युद्ध के बादल, वायु-प्रदूषण जैसे अनेक संकट घटाटोप की तरह छाये हुए हैं जिससे महाप्रलय जैसी स्थिति बनती जा रही है। इस परिस्थिति को देखते हुए हमने आप लोगों को “गायत्री महापुरश्चरण” करने की सलाह दी थी और इस बात पर जोर डाला था कि आपको यह साधना करनी चाहिए। समय की माँग, समय की पुकार यह है कि इन दिनों वातावरण में जो अवांछनीय तत्त्वों का घुलन एवं मिलन हो गया है, उसे समय रहते निरस्त किया जाय ताकि जनसाधारण की स्थिति ठीक हो सके एवं सभी को खुले वातावरण में साँस लेने का मौका मिल सके। आवश्यकता इस बात की है कि वातावरण को स्वच्छ बनाया जाय। आज का वातावरण इतना दूषित हो चुका है कि बच्चों के मस्तिष्क के पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है। इसके प्रभाव से वे एक कमजोर मनुष्य की तरह बहकर कहीं-से-कहीं पंहुचे जा रहे हैं।
“वातावरण का परिशोधन इस समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”
मित्रो! इन दिनों जो परिस्थितियाँ हैं, वे अगले दिनों बहुत ही विपन्न एवं विषम होने वाली हैं। इसके कारण अनेक प्रलयंकारी घटनाएँ घटित होंगी, विनाश की लीला होगी। उस समय मनुष्य के ऊपर बहुत सारी मुसीबतें आयेंगी। चारों दिशाओं में आँधी-तूफान पानी-बाढ़ आदि का प्रकोप दिखाई देगा। इसका कारण यह है कि इस समय प्रकृति नाराज हो चुकी है। वह बदला लेना चाहती है। इस परिस्थिति में कोई भी आदमी सुरक्षित नहीं है। मौसम का भी कोई ठिकाना नहीं रहेगा। गर्मी में सर्दी और सर्दी में गर्मी महसूस होगी। नित्य नयी-नयी बीमारियाँ बढ़ेंगी। डॉक्टरों के पास भी इसका कोई इलाज नहीं होगा। भाई-भाई में, पति-पत्नी में भी विश्वास नहीं होगा। सामूहिक बलात्कार, चोरी, उठाईगीरी, अनाचार, मारकाट जैसे अपराध, जो कि रावण के एवं कंस के जमाने में भी नहीं थे, उससे भी ज्यादा बढ़ेंगे। दहेज लोलुपों द्वारा बहुओं को जलाया जाएगा। लोगों में राग, द्वेष, अहंकार बढ़ता चला जाएगा। महत्त्वाकाँक्षा लोगों के सिर पर चढ़कर बोलेगी।
साथियो! हवा में जो जहर घुलता जा रहा है, वह साँस के साथ आँख, गर्दन, गले और छाती में जाएगा और लोग बीमार होते चले जाएँगे। यही स्थिति पानी की होगी। गंगा का पानी पहले साफ था। उसका हम सेवन करते थे। अब उसको न पीने के लिए प्रचार किया जा रहा है, क्योंकि गंगाजल अब प्रदूषणों से भरता जा रहा है। अब धीरे-धीरे जमीन की गर्मी कम हो गयी है। हमने उसके गर्भ में समाई सारी चीजें, जैसे-लोहा ताँबा, कोयला, डीजल, पेट्रोल सब निकाल लिया है। जमीन खोखली होती जा रही है। इससे जगह-जगह भूकंप आएँगे। फसल भी कम उत्पन्न होगी। आज विश्वभर में जो लाखों की संख्या में एटामिक हथियार बन रहे हैं, वे क्या बच्चों के खिलौने होंगे? नहीं, वे आग उगलेंगे। इससे मात्र तबाही आयेगी। सारी जगहों पर परमाणु युद्ध की होड़ लग जाएगी। इससे चारों ओर तबाही ही होगी।
ऐसी स्थिति में हमारा क्या कर्तव्य है?
मित्रो! क्या इस प्रकार की विपन्नता की स्थिति में, ऐसी संकट-कालीन वेला में- जब मनुष्य मरने-मारने को तैयार है,आप उनको बचाने के लिए डॉक्टरों की तरह सेवा देने के लिए आगे नहीं आ सकते हैं? यह कैसी विडम्बना है की आप नौकरी के बाद का चार घंटे का समय भी लोकमंगल के लिए, समाज के लिए, इंसान का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए नहीं दे सकते हैं? जब भी इस प्रकार की परिस्थितियाँ आती हैं, तो लोग अपने ढंग से इनका समाधान करने के लिए आगे आते रहे हैं,प्रयास करते रहे हैं।
आपने भागीरथ का नाम सुना होगा। एक बार धरती पर से पानी समाप्त हो गया था। खेतों के लिए पानी नहीं था। उस समय उन्होंने तप किया और गंगा को प्रसन्न किया। धरती पर पानी का आगमन हुआ। नदियों में, कुओं में, नहरों में पानी आ गया। फसलें लहलहा उठीं। जो लोग पानी के अभाव में मर रहे थे, वे जीवित हो गये।
इसी धरती पर एक बार वृत्तासुर नाम का राक्षस पैदा हुआ था। वह किसी के कण्ट्रोल में नहीं आ रहा था। उसके अत्याचार से सब त्राहि-त्राहि कर रहे थे। तब महर्षि दधीचि आगे आये और उन्होंने अपना अस्थिपंजर दान दे दिया, ताकि उससे वज्र-धनुष का निर्माण हो सके और वृत्तासुर को समाप्त किया जा सके। आज जो मिसाइलें, अस्त्र-शस्त्र परमाणु बम आपको दिखाई पड़ रहे हैं, यह क्या वृत्तासुर से कम हैं? आज हमें अनेकों किस्म के हत्यारे दिखाई पड़ रहे हैं। जो मात्र 1000-500 रुपये लेकर किसी को भी मार डालने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
इस प्रकार की परिस्थतियों में हर व्यक्ति ने “अपने स्तर पर एवं सामूहिक स्तर” पर प्रयास किया है तथा समाज, देश/संस्कृति को बचाया है। आज से 2500 वर्ष पूर्व इसी प्रकार की परिस्थिति आयी थी, जब समाज के लोग त्राहि-त्राहि कर रहे थे। उस समय भगवान् बुद्ध ने परिव्राजकों/भिक्षु/भिक्षुणियों को एकत्रित करके एक “सामूहिक साधना” कराने का प्रयास किया था ताकि वातावरण में सुधार आ सके। इसी प्रकार हर विषम समय में व्यक्तियों के द्वारा “सामूहिक प्रयास” किये गये हैं।
युगसंधि महापुरश्चरण:
युगसंधि की इस विषम वेला में भी इस मिशन के द्वारा इसी प्रकार का प्रयास “युगसंधि महापुरश्चरण” के नाम से आरंभ किया गया है। यह प्रयास अद्भुत है। इसका चमत्कार आप लोगों को भविष्य में देखने को मिलेगा। हमने अपनी जिन्दगी में गायत्री के महापुरश्चरण किए हैं। इसकी साधना एवं तप से प्राप्त बल के द्वारा ही हमने युगनिर्माण जैसे कठिन कार्य को साहसपूर्वक पूर्ण करने की हिम्मत की है। हमने ध्वंस का समाधान और सृजन का परिपोषण करने के लिए गायत्री जयंती 23 जून 1980 से 20 वर्ष का युगसंधि महापुरश्चरण आरंभ किया है। इसमें एक लाख नैष्ठिक उपासकों की भागीदारी रहेगी। इसके अलावा 10 लाख अनुसाधक होंगे। यहां पर नैष्ठिक साधक और अनुसाधक का अंतर समझ लेना बहुत आवश्यक है। नैष्ठिक साधक और अनुसाधक के बीच मुख्य अंतर संकल्प की दृढ़ता और साधना की अवस्था का है। नैष्ठिक साधक जीवनभर के लिए किसी व्रत या साधना में अटल निष्ठा रखता है, जबकि अनुसाधक (छोटा साधक) किसी नियम या मुख्य साधना का अनुसरण करने वाला प्रारंभिक या सहायक साधक होता है।
गुरुदेव बता रहे हैं कि यह वेला वर्ष 1980 से वर्ष 2000 तक की होगी अर्थात् यह पुरश्चरण 20 वर्ष का होगा। यह समय महापरिवर्तनों के साथ जुड़ा होने के कारण भारी उथल-पुथल का होगा। अंतिम 12 वर्ष (1988 से 2000) तो भयंकर मारकाट वाले होंगे।
हमने रिसर्च करके इन 12 वर्षों में हुए उथल-पुथल को देखा तो आँखें खुल सी गयीं।
गुरुदेव का संकल्प एक लाख नैष्ठिक साधक बनाने का है। नैष्ठिक और सामान्यों को मिलाकर दैनिक जप संख्या 24 करोड़ हो जाएगी । नियमित रूप से इतनी साधना चल पड़ने से “अन्तरिक्ष के परिशोधन एवं वातावरण के अनुकूलन” में भारी सहायता मिलेगी। इससे भावी संभावित विपत्तियों के टल जाने की आशा की जा सकती है। उज्ज्वल भविष्य के नवसृजन में इस साधना की प्रतिक्रिया बहुत ही सहायक सिद्ध होगी। इसमें जो साधक भाग लेंगे, उन्हें आशा से अधिक लाभ प्राप्त होगा। उनको आत्मकल्याण एवं लोककल्याण का दोहरा लाभ मिलता रहेगा। जब हम इसके बारे में चिन्तन करते हैं, तो हमारा मन गर्व से भर उठता है। हमें इस कार्य से काफी संतोष है। यहाँ यह समझने की बहुत आवश्यकता है कि एकाकी और सामूहिक प्रयत्नों की सफलता के स्तर में काफी अन्तर रहता है। अलग-अलग 10 साधक जितना काम करेंगे, उन दसों का सम्मिलित प्रयत्न कहीं अधिक सफलता प्रदान करेगा। यही कारण है कि भारतवर्ष में हमेशा से तप एवं सामूहिक साधना का विशेष महत्त्व रहा है। प्राचीनकाल से लेकर अब तक हुए बहुत से कार्यक्रमों में इस प्रकार की साधना के द्वारा ही लाभ प्राप्त हुआ है। गायत्री महापुरश्चरण भी इसी श्रृंखला की एक महत्त्वपूर्ण कड़ी है। इस श्रृंखला में अन्य अनेकों आयोजन भी हो रहे हैं, जिसका वातावरण पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा। महात्मा गाँधी के आन्दोलन में भी इस प्रकार की “सामूहिक साधना” का कम महत्त्व नहीं रहा है। इसके द्वारा ही दिव्य वातावरण बना और हजारों लोग बलिवेदी पर अपनी कुर्बानी देने के लिए आगे आते चले गये। इस प्रकार की साधना में महर्षि रमण, रामकृष्ण परमहंस एवं अरविन्द की साधना का महत्त्वपूर्ण स्थान है, जिन्होंने एक दिव्य वातावरण बना दिया था।
इसके आगे की बात कल वाले ज्ञानप्रसाद लेख में करेंगें .
जय गुरुदेव
