वेदमाता,देवमाता,विश्वमाता माँ गायत्री से सम्बंधित साहित्य को समर्पित ज्ञानकोष

पिसनहारी का कुआं

मुंशी प्रेमचंद जी की अद्भुत,प्रेरणादायक रचना

परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा जी का ह्रदय से आभार व्यक्त करते हैं जिनकी प्रेरणा से ऑनलाइन सर्च करने के बाद Premchand.co.in वेबसाइट से यह शिक्षाप्रद रचना  प्राप्त हो पायी।

यह रचना बहुचर्चित होने के कारण गूगल सर्च करने पर कितने ही लिंक उपलब्ध हो जाते हैं,जिन में से कुछ तो हमारी वेबसाइट के ही लिंक हैं। वंदनीय माता जी की भी एक शार्ट वीडियो उपलब्ध है। जिज्ञासा तो यही जानने थी कि यह एक सच्ची कहानी है यां काल्पनिक !!! जो भी हो उद्देश्य प्रेरणा का हो तो यह प्रश्न गौण हो जाता है।

जून 1971 में जब गुरुदेव मथुरा से शांतिकुंज के लिए प्रस्थान कर रहे थे अपने

अंतिम उद्बोधन में गुरुदेव ने पिसनहारी के कुएं का वर्णन किया था । मुंशी प्रेमचंद जी ने उसी पिसनहारी नामक पात्र को गोमती कह कर पुकारा। गोमती 12 वर्ष की छोटी सी आयु में ही विधवा हो गयी,सारा जीवन गेहूं  पीस-पीस कर जीवन व्यतीत करती रही, उसी से गुज़ारा करती रही, गेंहू पीसने के कारण ही उसका नाम पिसनहारी बना। लेकिन सबसे प्रेरणादायक बात तो यह  थी कि होने वाली आय का कुछ भाग घड़े में डालती रही और मरते समय चौधरी को सब कुछ सौंप कर,कुआँ बनाने की वसीयत कर गयी। चौधरी,उसका बेटा,पत्नी बहु कोई भी कुआँ न बना पाया लेकिन बहु की नन्हीं बेटी ने अपने दादा का संकल्प पूरा किया। जब कुँए पर उस नन्हीं  सी कन्या की लाश देखी तो सभी ने कहा: यह मृतक कन्या “गोमती” ही है।

गोमती ने मृत्यु-शय्या पर पड़े हुए चौधरी विनायकसिंह से कहा,

“चौधरी, मेरे जीवन की यही लालसा थी।”

चौधरी ने गम्भीर हो कर कहा,

“इसकी कुछ चिंता न करो काकी, तुम्हारी लालसा भगवान् पूरी करेंगे। मैं आज ही से मजूरों को बुला कर काम पर लगाये देता हूँ। दैव ने चाहा, तो तुम अपने कुएँ का पानी पियोगी। तुमने तो गिना होगा, कितने रुपये हैं ?”

गोमती ने एक क्षण आँखें बंद करके,बिखरी हुई स्मृति को एकत्र करके कहा, “भैया,मैं क्या जानूँ, कितने रुपये हैं ? जो कुछ हैं, वह इसी हाँड़ी में हैं। इतना करना कि इतने ही में काम चल जाए। किस-किस के  सामने हाथ फैलाते फिरोगे ?”

चौधरी ने बंद हाँड़ी को उठा कर हाथों से तौलते हुए कहा,

“ऐसा तो करेंगे ही काकी, कौन देनेवाला है। एक चुटकी भीख तो किसी के घर से निकलती नहीं, कुआँ बनवाने को कौन देगा। धन्य हो तुम कि अपनी उम्र भर की कमाई इस धर्मकाज के लिए दे दी।”

गोमती ने गर्व से कहा,

“भैया, तुम तो तब बहुत छोटे थे। तुम्हारे काका मरे तो मेरे हाथ में एक कौड़ी भी न थी। दिन-दिन भर भूखी पड़ी रहती। जो कुछ उनके पास था, वह सब उनकी बीमारी में उठ गया। वह भगवान् के बड़े भक्त थे। इसीलिए भगवान् ने उन्हें जल्दी से बुला लिया। उस दिन से आज तक तुम देख रहे हो कि किस तरह दिन काट रही हूँ। मैंने एक-एक रात में मन-मन भर अनाज पीसा है; बेटा ! देखने वाले अचरज मानते थे। न-जाने मुझमें इतनी ताकत कहाँ से आ जाती थी। बस, यही लालसा रही कि गाँव में उनके नाम का एक छोटा-सा कुआँ बन जाए। नाम तो चलना चाहिए। इसीलिए तो मनुष्य  बेटे-बेटी को रोता है।

इस तरह चौधरी विनायकसिंह को वसीयत करके, उसी रात को बुढ़िया गोमती परलोक सिधारी। मरते समय अंतिम शब्द, जो उसके मुख से निकले, वे यही थे, “कुआँ बनवाने में देर न करना।”

उसके पास धन है यह तो लोगों का अनुमान था ही लेकिन 2000 रुपए हैं, इसका किसी को अनुमान न था। बुढ़िया अपने धन को ऐब की तरह छिपाती थी। चौधरी गाँव का मुखिया था, नीयत का साफ आदमी था। इसलिए बुढ़िया ने उसे यह अंतिम आदेश किया था। चौधरी ने गोमती के क्रियाकर्म में बहुत रुपये खर्च नहीं किये। जैसे ही  इन संस्कारों से छुट्टी मिली, वह अपने बेटे हरनाथसिंह को बुला कर ईंट, चूना, पत्थर का तखमीना करने लगे। हरनाथ अनाज का व्यापार करता था। कुछ देर तक तो वह बैठा सुनता रहा, फिर बोला,

“अभी दो-चार महीने कुआँ न बने तो कोई बड़ा हर्ज़ है क्या ?”

चौधरी ने ‘हुँह !’ करके कहा,

“हर्ज़ तो कुछ नहीं लेकिन देर करने का काम ही क्या है। गोमती ने रुपये तो दे ही दिये हैं,हमें तो मुफ्त में यश ही मिलेगा। गोमती ने मरते-मरते जल्द से जल्द  कुआँ बनवाने को कहा था।”

हरनाथ ने कहा,

“हाँ, कहा तो था, लेकिन आजकल बाजार अच्छा है। 2000-3000  का अनाज भर लिया जाए, तो अगहन-पूस तक सवाया हो जायगा। मैं आपको कुछ सूद दे दूँगा।”

चौधरी का मन शंका और भय की दुविधा में पड़ गया। 2000  के कहीं 2500  हो गये, तो क्या कहना। जगमोहन में कुछ बेल-बूटे बनवा दूँगा। लेकिन भय था कि कहीं घाटा हो गया तो फिर क्या होगा ? इस शंका को वह छिपा न सके और बोले,

अगर कहीं घाटा हो गया तो फिर क्या करोगे?”

हरनाथ ने तड़प कर कहा,

“घाटा क्या हो जायगा, ऐसी क्या  बात है ?

चौधरी ने कहा,

“मान लो, घाटा हो गया तो ?”

हरनाथ ने उत्तेजित होकर कहा,

“यह कहो कि तुम रुपये नहीं देना चाहते,बड़े धर्मात्मा बने हो !”

अन्य वृद्धजनों की भाँति चौधरी भी बेटे से दबते थे। कातर स्वर में बोले,

“मैं यह कब कहता हूँ कि रुपये न दूँगा। लेकिन पराया धन है, सोच-समझ कर ही तो उसमें हाथ लगाना चाहिए। बनिज-व्यापार का हाल कौन जानता है। कहीं भाव और गिर जाए, अनाज में घुन ही लग जाए, कोई मुद्दई घर में आग ही लगा दे। सब बातें अच्छी तरह से सोच लो।”

हरनाथ ने व्यंग्य से कहा,

“इस तरह सोचना है, तो यह क्यों नहीं सोचते कि कोई चोर ही उठा ले जाए; या बनी-बनायी दीवार बैठ जाए ? ये बातें भी तो होती ही हैं।”

चौधरी के पास अब और कोई दलील न थी, कमजोर सिपाही ने बड़े जोश में ताल तो ठोंकी थी,अखाड़े में उतर पड़ा था लेकिन  तलवार की चमक देखते ही हाथ-पाँव फूल गये। बगलें झाँक कर चौधरी ने कहा,

“तो कितना लोगे ?”

हरनाथ कुशल योद्धा की भाँति, शत्रु को पीछे हटता देख कर, बफर कर बोला,

“सब का सब दे दीजिए, सौ-पचास रुपये लेकर क्या खिलवाड़ करना है ?”

चौधरी राजी हो गये। हरनाथ ने अनाज भरा। अनाज के बोरों का ढेर लग गया। आराम की मीठी नींद सोने वाले चौधरी अब सारी रात बोरों की रखवाली करते, क्या मजाल थी कि कोई चुहिया बोरों में घुस जाए। चौधरी इस तरह झपटते कि बिल्ली भी हार मान लेती। इस तरह 6 माह  बीत गये। पौष में अनाज बिका, पूरे 500 रु. का लाभ हुआ।

हरनाथ ने कहा,

“इसमें से 50 रुपए आप रख लें।”

चौधरी ने झल्ला कर कहा,

“50 रु. क्या खैरात लूँ ? किसी महाजन से इतने रुपये लिये होते तो कम से कम 150 रु. सूद के होते। मुझे तुम 2-4  रुपये कम दे दो, और क्या करोगे ?

हरनाथ ने ज्यादा मोलभाव न किया और 150 रुपए चौधरी को दे दिए । चौधरी की आत्मा इतनी प्रसन्न कभी न हुई थी। रात को वह अपनी कोठरी में सोने गया, तो उसे ऐसा प्रतीत हुआ कि बुढ़िया गोमती खड़ी मुस्करा रही है। चौधरी का कलेजा धक्-धक् करने लगा। वह नींद में न था, न ही कोई नशा किया था। गोमती सामने खड़ी मुस्करा रही थी। हाँ, उस मुरझाये हुए मुख पर एक विचित्र स्फूर्ति थी।

कई वर्ष बीत गये ! चौधरी बराबर इसी फिक्र में रहते कि हरनाथ से रुपये निकाल लूँ लेकिन हरनाथ हमेशा ही आनाकानी करता रहता, वर्ष  में थोड़ा-सा ब्याज दे देता लेकिन मूल के लिए हजार बातें बनाता था। कभी लेने का रोना था, कभी चुकते का। कारोबार बढ़ता ही जा रहा था। आखिर एक दिन चौधरी ने उससे साफ-साफ कह दिया,

“तुम्हारा काम चले या डूबे, मुझे परवाह नहीं, इस महीने में तुम्हें मेरे पैसे अवश्य चुकाने होंगें।”

हरनाथ ने बहुत उड़नघाइयाँ बतायीं लेकिन चौधरी अपने इरादे पर जमे रहे।

हरनाथ ने झुँझला कर कहा,

“कह तप रहा हूँ कि दो महीने और ठहरिए। माल बिकते ही सारे पैसे  दे दूँगा।”

चौधरी ने दृढ़ता से कहा,

“तुम्हारा माल कभी न बिकेगा और न ही तुम्हारे दो महीने कभी पूरे होंगे। मैं आज ही सारा पैसा लूँगा।”

हरनाथ उसी वक्त क्रोध में भरा हुआ उठा, और 2000  रुपये ला कर चौधरी के सामने जोर से पटक दिये।

चौधरी ने कुछ झेंप कर कहा,

“रुपये तो तुम्हारे पास थे ही फिर आनाकानी क्यों कर रहा था ?”

हरनाथ ने कहा,

“और क्या बातों से रोजगार होता है ?”

चौधरी ने कहा,

“तुम मुझे इस समय 500 रुपये दे दो, बाकी दो महीने में देना।”

हरनाथ ने ताव दिखा कर कहा,

“आप चाहे खर्च कीजिए, चाहे जमा कीजिए, मुझे रुपयों से कुछ नहीं लेना।  सारी दुनिया में महाजन क्या मर गये हैं, जो आपकी धौंस सहूँ।”

चौधरी ने रुपये उठा कर एक ताक पर रख दिये, कुएँ की दागबेल डालने का सारा उत्साह ठंडा पड़ गया।

हरनाथ ने रुपये लौटा तो दिये थे लेकिन मन में कुछ और मनसूबा बाँध रखा था। आधी रात को जब घर में सन्नाटा छा गया तो हरनाथ चौधरी के कोठरी की चूल खिसका कर अंदर घुसा। चौधरी बेखबर सोये थे। हरनाथ ने चाहा कि दोनों थैलियाँ उठा कर बाहर निकल आऊँ, लेकिन ज्यों ही उसने हाथ बढ़ाया उसे अपने सामने गोमती खड़ी दिखायी दी। वह दोनों थैलियों को दोनों हाथों से पकड़े हुए थी। हरनाथ भयभीत होकर पीछे हट गया, फिर यह सोच कर कि शायद मुझे धोखा हो रहा हो, उसने फिर हाथ बढ़ाया लेकिन अब की बार वह मूर्ति इतनी भयंकर हो गयी कि हरनाथ एक क्षण भी वहाँ खड़ा न रह सका। वह भागा लेकिन बरामदे ही में अचेत होकर गिर पड़ा। हरनाथ ने चारों तरफ से अपने रुपये वसूल करके व्यापारियों को देने के लिए जमा कर रखे थे। चौधरी ने आँखें दिखायीं तो उसने वही रुपये पटक कर दे मारे थे । दिल में उसी वक्त सोच लिया था कि रात को रुपये उड़ा लाऊँगा। झूठमूठ का “चोर आया, चोर आया” का शोर मचा दूँगा तो मेरी तरफ कोई  संदेह भी नहीं होगा लेकिन  जब यह पेशबंदी ठीक न उतरी, तो उस पर व्यापारियों की शिकायतें होने लगीं। वादों पर लोगों को कहाँ तक टालता, जितने बहाने हो सकते थे, सब किये। आखिर कोर्ट केस  की नौबत आ गयी, एक ने तो 300 रुपए का केस कर भी दिया।

चौधरी बेचारे तो  बड़ी मुश्किल में फँसे। दूकान पर हरनाथ बैठता था, चौधरी का उससे कोई वास्ता न था लेकिन उसकी जो साख थी वह चौधरी के कारण लोग चौधरी को खरा और लेन-देन का साफ आदमी समझते थे। अभी भी यद्यपि चौधरी का कोई वास्ता न था, फिर भी  वह सबसे मुँह छिपाते फिरते थे। उन्होंने निश्चय कर लिया था कि चाहे कुछ भी आन पड़े गोमती के पैसे बिल्कुल नहीं छुऊँगा।

रात को एक व्यापारी के मुसलमान चपरासी ने चौधरी के द्वार पर आ कर हजारों गालियाँ सुनायीं। चौधरी को बार-बार क्रोध आता रहा कि चल कर मूँछें उखाड़ लूँ लेकिन मन को समझाया:

“हमसे मतलब ही क्या है, बेटे का कर्ज चुकाना बाप का धर्म तो नहीं है न ?”

जब भोजन करने गये तो पत्नी ने कहा:

यह सब क्या उपद्रव मचा रखा है ?

चौधरी ने कठोर स्वर में कहा,

“मैंने मचा रखा है ? बच्चा कसम खाते हैं कि मेरे पास केवल थोड़ा-सा माल ही है, रुपये तो सब तुमने माँग लिये।”

स्त्री ने कहा यह नाक-कटाई मुझे अच्छी नहीं लगती।

चौधरी ने कहा:

मेरे बस  में क्या है? मुझे नहीं मालूम कि कभी कुआँ बनेगा भी कि नहीं ? पाँच साल हो गये।

पत्नी ने कहा:

बहुत दिनों से उसने कुछ नहीं खाया।

चौधरी ने पूछा,

तुमने समझाकर खिलाया नहीं, दाना-पानी छोड़ देने से तो रुपये न मिलेंगे।

पत्नी ने पूछा: तुम क्यों नहीं जा कर समझा देते ?

चौधरी कहने लगे, मुझे तो वह बैरी समझ रहा होगा। पत्नी ने कहा कि मैं रुपये ले जा कर बच्चे  को दिये आती हूँ, जब हाथ में रुपये आ जाएँ, तो कुआँ बनवा देना।

चौधरी कहने लगे:

“नहीं, नहीं, ऐसा गजब न करना, मैं इतना बड़ा विश्वासघात न करूँगा, चाहे घर मिट्टी ही में मिल जाए।”

लेकिन पत्नी  ने इन बातों की ओर कोई ध्यान न दिया। वह लपक कर भीतर गयी और थैलियों पर हाथ डालने लगी। जैसे ही हाथ डाला कि ज़ोर से एक चीख मार कर हट गयी। उसकी सारी देह सितार के तार की भाँति काँपने लगी।

चौधरी ने घबरा कर पूछा,

क्या हुआ, क्या ? तुम्हें चक्कर तो नहीं आ गया ?

स्त्री ने ताक की ओर भयातुर नेत्रों से देख कर कहा,

“चुड़ैल वहाँ खड़ी है ?”

चौधरी ने ताक की ओर देख कर कहा,

“कौन चुड़ैल ? मुझे तो कोई नहीं दिख रहा ।”

पत्नी ने कहा कि मेरा तो कलेजा धक्-धक् कर रहा है। ऐसा मालूम हुआ  जैसे उस बुढ़िया ने मेरा हाथ पकड़ लिया हो ।

चौधरी कहने लगे:

“यह सब भ्रम है। बुढ़िया को मरे हुए तो पाँच वर्ष हो गये हैं, अब तक वह यहाँ बैठी है क्या ?”

पत्नी ने कहा,

मैंने साफ देखा है, वही थी। बेटा  भी कह रहा था  कि उसने रात को थैलियों पर हाथ रखते समय देखा था।”

चौधरी पूछने लगे,

“वह रात को मेरी कोठरी में कब आया ?”

पत्नी: “तुमसे कुछ रुपयों के विषय ही में कहने आया था। उसे देखते ही भाग निकला था।”

चौधरी: “अच्छा, फिर अंदर जाओ, मैं देख रहा हूँ।”

पत्नी  ने कान पर हाथ रख कर कहा,

न बाबा न, अब मैं उस कमरे में कदम न रखूँगी।

चौधरी: अच्छा, मैं जा कर देखता हूँ।

चौधरी ने कोठरी में जा कर दोनों थैलियाँ ताक पर से उठा लीं। किसी प्रकार की शंका न हुई। गोमती की छाया का कहीं नाम भी न था। पत्नी  द्वार पर खड़ी झाँक रही थी। चौधरी ने आ कर गर्व से कहा:

“मुझे तो कहीं कुछ न दिखायी दिया। वहाँ थी तो कहाँ चली गयी?

पत्नी कहने लगी कि न जाने, तुम्हें क्यों नहीं दिखायी दी ? तुमसे तो उसे बड़ा स्नेह था, इसीलिए  हट गयी होगी।

चौधरी: तुम्हारा भ्रम था और कुछ नहीं।

पत्नी ने कहा बेटे को बुला कर पुछाये देती हूँ।

चौधरी ने कहा, खड़ा तो हूँ, आकर देख क्यों नहीं लेतीं ?

पत्नी को कुछ आश्वासन हुआ। उसने ताक के पास जा कर डरते-डरते हाथ बढ़ाया और फिर से जोर से चिल्ला कर भागी और आँगन में आकर दम लिया। चौधरी भी उसके साथ आँगन में आ गए और विस्मय से बोले,

“क्या था, क्या ? व्यर्थ में भागी चली आयी। मुझे तो कुछ न दिखायी दिया। पत्नी ने हाँफते हुए तिरस्कारपूर्ण स्वर में कहा,

“चलो हटो, अब तक तो तुमने मेरी जान ही ले ली थी। न-जाने तुम्हारी आँखों को क्या हो गया है। खड़ी तो है वह डायन !”

इतने में हरनाथ भी वहाँ आ गया। माता को आँगन में खड़े देख कर बोला,

“क्या है अम्माँ, कैसा जी है ?”

माँ कहने लगी वह चुड़ैल आज दो बार दिखायी दी, बेटा। मैंने कहा, लाओ, तुम्हें रुपये दे दूँ। फिर जब हाथ में आ  जाएँगे, तो कुआँ बनवा दिया जायगा। लेकिन ज्यों ही थैलियों पर हाथ रखा, उस चुड़ैल ने मेरा हाथ पकड़ लिया। मेरे तो प्राण ही निकल गये थे ।

हरनाथ ने कहा,

“किसी अच्छे ओझा को बुलाना चाहिए, जो इसे मार भगाये।”

चौधरी: क्या रात को तुम्हें भी दिखाई दी थी ?

हरनाथ: हाँ, मैं तुम्हारे पास एक मामले में सलाह करने आया था। ज्यों ही अंदर कदम रखा, वह चुड़ैल ताक के पास खड़ी दिखायी दी, मैं बदहवास हो कर भागा।

चौधरी: अच्छा, फिर से  जाओ।

पत्नी:अब तो मैं न जाने दूँ, चाहे कोई लाख रुपये ही क्यों न दे।

हरनाथ: मैं खुद भी  न जाऊँगा।

चौधरी: मगर मुझे तो कुछ दिखायी नहीं देता। यह क्या बात है ?

हरनाथ: हम क्या जाने, आपसे डरती होगी। आज किसी ओझा को बुलाना चाहिए।

चौधरी: कुछ समझ में नहीं आता, क्या माजरा है। चौधरी ने बात टालने के लिए पूछा:

“क्या हुआ बैजू पांडे के डिक्री  का ?”

हरनाथ इन दिनों चौधरी से इतना जलता था कि अपनी दूकान के विषय की कोई भी बात उनसे नहीं करता था।

आँगन की तरफ ताकता हुआ मानो हवा से बोला रहा हो,कहने लगा,

जो होना होगा, वही होगा, मेरी जान के सिवा और कोई क्या ले लेगा ? जो खा गया हूँ, वह तो उगल नहीं सकता।

चौधरी: कहीं उसने डिक्री  जारी कर दी तो ?

हरनाथ:तो क्या ? दूकान में चार-पाँच सौ का माल है, वह नीलाम हो जायगा।

चौधरी: फिर तो सारा कारोबार चौपट हो जायगा ?

हरनाथ: अब कारोबार के नाम को कहाँ तक रोऊँ। अगर पहले से मालूम होता कि कुआँ बनवाने की इतनी जल्दी है तो यह काम छेड़ता ही क्यों ? रोटी-दाल तो पहले भी मिल जाती थी। बहुत होगा तो दो-चार महीने हवालात में रहना पड़ेगा। इसके सिवा और क्या हो सकता है ? माता ने कहा,जो तुम्हें हवालात में ले जाए, उसका मुँह झुलस दूँ ! हमारे जीते-जी तुम हवालात में कैसे जाओगे?

हरनाथ ने दार्शनिक बन कर कहा:

माँ-बाप जन्म के साथी होते हैं, किसी के कर्म के साथी नहीं होते।

चौधरी को पुत्र से प्रगाढ़ प्रेम था। उन्हें शंका हो गयी थी कि हरनाथ रुपये हजम करने के लिए टाल-मटोल कर रहा है। इसलिए उन्होंने आग्रह करके रुपये वसूल कर लिये थे। अब उन्हें अनुभव हुआ कि हरनाथ के प्राण सचमुच संकट में हैं, उन्होंने सोचा अगर लड़के को हवालात हो गयी, या दूकान पर कुर्की आ गयी तो कुल-मर्यादा धूल में मिल जायगी। क्या हर्ज़  है अगर गोमती के पैसे  दे दूँ? आखिर दूकान तो चलती ही है, कभी न कभी तो रुपये हाथ में आ ही जाएँगे।

एकाएक किसी ने बाहर से हरनाथ सिंह को पुकारा।  हरनाथ के मुख पर हवाइयाँ उड़ने लगीं। जब चौधरी ने पूछा कि जब कौन है तो  उत्तर मिला “कुर्क अमीन।”

चौधरी ने पूछा क्या दूकान कुर्क कराने आया है ? हरनाथ ने कहा 1500 रुपए में दूकान कुर्क करने आया है। चौधरी ने पूछा कि कुछ लेने-देने से न टलेगा ?’

‘टल तो जाता लेकिन  महाजन भी तो उसके साथ ही होगा। उसे जो कुछ लेना है, उधर से ले चुका होगा। बेटे ने कहा गोमती के 1500 रुपयों में से दे दो।’

चौधरी ने कहा: उसके रुपये कौन छुएगा। न-जाने घर पर क्या आफत आये।!

चौधरी को इस समय भय हुआ, कहीं मुझे भी वह न दिखायी दे। लेकिन उनकी शंका निर्मूल थी। उन्होंने एक थैली से 550 रुपए  निकाले और दूसरी थैली में रख कर हरनाथ को दे दिये। संध्या तक इन 5000 रुपए में एक रुपया भी न बचा।

12 वर्ष गुज़र गए,अब इस संसार में न चौधरी है, न हरनाथ। चौधरी जब तक जिये, उन्हें कुएँ की चिंता बनी रही; यहाँ तक कि मरते समय  भी उनकी जबान पर कुएँ की रट लगी हुई थी। लेकिन दूकान में सदैव रुपयों का तोड़ा रहा। चौधरी के मरते ही सारा कारोबार चौपट हो गया। हरनाथ ने रुपये लाभ से संतुष्ट न हो कर दूने-तिगुने लाभ पर हाथ मारा , जुआ खेलना शुरू किया, वर्ष  भी न गुजरने पाया था कि दूकान बंद हो गयी। गहने-पाती, बरतन भाँड़े, सब मिट्टी में मिल गये। चौधरी की मृत्यु के ठीक साल भर बाद, हरनाथ ने भी इस हानि-लाभ के संसार से पलायन कर दिया। माँ  के जीवन का अब कोई सहारा न रहा। बीमार पड़ी, दवा-दारु भी  न हो सकी। तीन-चार महीने तक नाना प्रकार के कष्ट झेल कर वह भी चल बसी।

अब केवल बहू ही बची  थी और वह भी गर्भवती ! उस बेचारी के लिए अब कोई सहारा  न था। गर्भवती की दशा में मजदूरी भी न कर सकती थी। पड़ोसियों के कपड़े सी-सी कर उसने किसी तरह  पाँच-छ: महीने काटे। लड़के की आशा में दिन काट रही थी, यही उसके जीवन का आधार था। जब कन्या हुई तो यह आधार भी जाता रहा। माँ  ने अपना हृदय इतना कठोर कर लिया कि नवजात कन्या  को छाती भी न लगाती थी। पड़ोसियों के बहुत समझाने-बुझाने पर छाती से लगाया लेकिन  उसकी छाती में दूध की एक बूँद भी न थी।

उस समय अभागिनी माँ  के हृदय में करुणा, वात्सल्य और मोह का एक भूकम्प-सा आ गया। अगर किसी उपाय से उसके स्तन की अंतिम बूँद दूध बन जाती, तो वह अपने को धन्य मानती। बालिका की वह भोली, दीन, याचनामय, सतृष्ण छवि देख कर उसका मातृ-हृदय मानो सहस्त्र नेत्रों से रुदन करने लगा था। उसके हृदय की सारी शुभेच्छाएँ, सारा आशीर्वाद, सारी विभूति, सारा अनुराग मानो उसकी आँखों से निकल  कर उस बालिका को उसी भाँति रंजित कर देता था जैसे इंदु का शीतल प्रकाश पुष्प को रंजित कर देता है लेकिन  उस बालिका के भाग्य में मातृप्रेम के सुख न लिखे थे ! माता ने कुछ अपना रक्त, कुछ ऊपर का दूध पिला कर उसे जिलाया लेकिन  उसकी दशा दिनोंदिन जीर्ण होती जाती रही ।

एक दिन लोगों ने जा कर देखा कि  वह भूमि पर पड़ी हुई थी और बालिका उसकी छाती से चिपटी उसके स्तनों को चूस रही थी। शोक और दरिद्रता से आहत शरीर में रक्त कहाँ जिससे दूध बनता।

वही बालिका पड़ोसियों की दया-भिक्षा से पल-पल कर एक दिन घास खोदती हुई उस स्थान पर जा पहुँची, जहाँ बुढ़िया गोमती का घर था। छप्पर कब के पंचभूतों में मिल चुके थे। केवल जहाँ-तहाँ दीवारों के चिह्न बाकी थे। कहीं-कहीं आधी-आधी दीवारें खड़ी थीं।

बालिका ने न-जाने क्या सोच कर खुरपी से गङ्ढा खोदना शुरू किया। दोपहर से साँझ तक वह गङ्ढा खोदती रही। न खाने की सुध थी, न पीने की। न कोई शंका थी, न भय। अँधेरा हो गया लेकिन  वह ज्यों की त्यों बैठी गङ्ढा खोद रही थी। उस समय किसान लोग भूल कर भी उधर से न निकलते थे लेकिन  बालिका निश्शंक बैठी भूमि से मिट्टी निकाल रही थी। जब अँधेरा हो गया तो वह चली गयी।

दूसरे दिन वह बड़े सबेरे उठी और इतनी घास खोदी, जितनी वह कभी दिन भर में न खोदती थी। दोपहर के बाद वह अपनी खाँची और खुरपी लिये फिर उसी स्थान पर पहुँची लेकिन  वह आज अकेली न थी, उसके साथ दो बालक और भी थे। तीनों वहाँ साँझ तक ‘कुआँ-कुआँ’ खोदते रहे। बालिका गङ्ढे के अंदर खोदती थी और दोनों बालक मिट्टी निकाल-निकाल कर फेंकते थे। तीसरे दिन दो लड़के और भी उस खेल में मिल गये। शाम तक खेल होता रहा। आज गङ्ढा दो हाथ गहरा हो गया था। गाँव के बालक-बालिकाओं में इस विलक्षण खेल ने अभूपूर्व उत्साह भर दिया था। चौथे दिन और भी कई बालक आ मिले। सलाह हुई, कौन अंदर जाए, कौन मिट्टी उठाये। गङ्ढा अब चार हाथ गहरा हो गया था। एक दिन रात को एक किसान अपनी खोयी हुई भैंस ढूँढ़ता हुआ उस खंडहर में जा निकला। अंदर मिट्टी का ऊँचा ढेर, एक बड़ा-सा गङ्ढा और एक टिमटिमाता हुआ दीपक देखा, तो डर कर भागा। औरों ने भी आ कर देखा, कई आदमी थे। कोई शंका न थी। समीप जा कर देखा, तो बालिका बैठी थी। एक आदमी ने पूछा:

अरे, क्या तूने यह गङ्ढा खोदा है ?

बालिका ने कहा: हाँ।

‘गङ्ढा खोद कर क्या करेगी ?’

‘यहाँ कुआँ बनाऊँगी ?’

‘कुआँ कैसे बनायेगी ?’

‘जैसे इतना खोदा है वैसे ही इतना और खोद लूँगी। गाँव के सब लड़के खेलने आते हैं।’

‘मालूम होता है, तू अपनी जान देगी और अपने साथ और लड़कों को भी मारेगी। खबरदार, जो कल से गङ्ढा खोदा !’

दूसरे दिन और लड़के न आये, बालिका भी दिन भर मजूरी करती रही लेकिन संध्या-समय वहाँ फिर दीपक जला और फिर वह खुरपी हाथ में लिये वहाँ बैठी दिखायी दी। गाँव वालों ने उसे मारा-पीटा, कोठरी में बंद किया लेकिन वह अवकाश पाते ही वहाँ जा पहुँचती। गाँव के लोग प्राय: श्रृद्धालु होते ही हैं, बालिका के इस अलौकिक अनुराग ने आखिर उनमें भी अनुराग उत्पन्न किया। कुआँ खुदने लगा। इधर कुआँ खुद रहा था, उधर बालिका मिट्टी से ईंटें बनाती थी। इस खेल में सारे गाँव के लड़के शरीक होते थे। उजाली रातों में जब सब लोग सो जाते,तब भी वह ईंटें थापती दिखायी देती। न-जाने इतनी लगन उसमें कहाँ से आ गयी थी। सात वर्ष की उम्र कोई उम्र होती है  लेकिन सात वर्ष की वह लड़की बुद्धि और बातचीत में अपनी तिगुनी उम्र वालों के कान काटती थी। आखिर एक दिन वह भी आया कि कुआँ बँधा गया और उसकी पक्की जगत तैयार हो गयी। उस दिन बालिका उसी जगत पर सोयी । आज उसके हर्ष की सीमा न थी। गाती थी, चहकती थी। प्रात:काल उस जगत पर केवल उसकी लाश मिली। उस दिन से लोगों ने कहना शुरू किया, यह वही बुढ़िया गोमती थी ! इस कुएँ का नाम ‘पिसनहारी का कुआँ’ पड़ा।?


Leave a Reply