वेदमाता,देवमाता,विश्वमाता माँ गायत्री से सम्बंधित साहित्य को समर्पित ज्ञानकोष

“प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” पुस्तिका के अमृतपान से पहले की भूमिका

“क्रांतिधर्मी साहित्य पुस्तकमाला” की 9वीं पुस्तिका “प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया”  में प्रकृति के नियमों और बीज-वृक्ष के उदाहरण के माध्यम से विचारों और परिवर्तन की विस्तार प्रक्रिया को समझाया गया है। जिस प्रकार एक छोटा सा बीज वर्षा पाकर अंकुरित होता है, पेड़ बनता है, उसमें फूल और फल आते हैं, फिर उनसे नए बीज पैदा होते हैं, ठीक उसी तरह वैचारिक क्रांति भी एक केंद्र से बढ़कर व्यापक रूप लेती है। पुस्तिका में बताया गया है कि कैसे विचारों की शक्ति और श्रेष्ठ चेतना (प्रज्ञा) समाज के कोने-कोने तक फैलती है और मानवीय दृष्टिकोण में बदलाव लाती है। विस्तार की इस प्रक्रिया के लिए व्यक्तियों में योग्यता और श्रेष्ठ संस्कारों (पात्रता) का होना अति आवश्यक माना गया है।

आज की गुरुकक्षा में सभी गुरुशिष्यों का स्वागत है।

***************************

“क्रांतिधर्मी साहित्य पुस्तकमाला” हमारे गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा जी द्वारा रचित 23 छोटी-छोटी पुस्तिकाओं का एक दिव्य संग्रह है। सभी पुस्तिकाएं इतनी छोटी हैं कि छोटे फॉर्मेट में भी केवल लगभग 35 पन्नों में वोह ज्ञान लिए हुए हैं जिसे परम पूज्य गुरुदेव ने अपने जीवन भर के साहित्य का मक्खन कहा है, गुरुदेव कहते हैं कि मेरे  अब तक का साहित्य पढ़ पाओ या न पढ़ पाओ,लेकिन इसे ज़रूर पढ़ना। इन्हें समझे बिना न तो तुम मिशन को समझ सकते हो और न ही किसी को समझा सकते हो।

ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार के साथिओं ने गुरुवर की इस बात को  समझा, उसका पालन करना अपना कर्तव्य समझा और 23 किताबों की पुस्तकमाला की एक-एक पुस्तक का अमृतपान ऐसे  ढंग से करने का संकल्प लिया कि  कोई भी शब्द छूटने न पाए, कोई भी कठिन शब्द, “हमने क्या लेना है, कह कर” छोड़ न दिया जाए बल्कि ऑनलाइन/ऑफलाइन सहायता से  यथासंभव समझने का प्रयास किया जाए। साथिओं का सहयोग ऐसे स्तर का रहा कि सभी ने एक सामूहिक प्रयास एवं परिश्रम करके (कमेंट/काउंटर कमेंट की प्रक्रिया से) एक दूसरे को समझाने  का प्रयास किया। परिणाम इतने उत्साहवर्धक मिले कि देखने में साधारण सी योग्यता लिए, साधारण मनुष्य ऐसी-ऐसी बातें लिख गए कि उन्हें उच्चस्तरीय कहने में तनिक भी सदेह नहीं हुआ।

प्रतिभा-परिष्कार के लेखों ने अनेकों साथिओं की प्रतिभा (टैलेंट) को ऐसी उड़ान दी कि उन्होंने खुद ही अपनेआप को इस दिव्य कार्य के लिए समर्पित कर दिया, ऐसा समर्पण जो हर किसी के लिए उदाहरणीय बना हुआ है।

त्रय शताब्दी वर्ष (2026) में जहाँ गायत्री परिवार में तीन शताब्दिओं का संयोग बना है, भांति-भांति के आयोजन हो रहे हैं तो ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार के बच्चे कैसे पीछे रह सकते हैं ? इस परिवार ने भी सारे वर्ष का प्रयास गुरुदेव के दिव्य चरणों में समर्पित कर दिया, इस छोटे से परिवार से जितना कुछ भी बन पा रहा है,एक गिलहरी की भूमिका, ग्वाल-बालों की सक्रियता ही समझी जा सकती।

“क्रांतिधर्मी साहित्य पुस्तकमाला” पर आधारित लेख श्रृंखला का शुभारम्भ 29 जून 2026 को किया गया,आज 135वां दिन है और आठ पुस्तिकाओं का अमृतपान हो चुका है, एवं इस पुस्तकमाला पर लगभग 65  लेख लिखे जा चुके हैं, रोचकता-रूचि एवं उत्साह दिनोदिन बढ़ता ही जा रहा है।

आज 9वीं पुस्तिका “प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” का शुभारम्भ हो रहा है। पुस्तक के टाइटल से तो यही समझा जा सकता है कि  आज के युग के अवतार “प्रज्ञावतार” के विश्व्यापी विस्तार की बात होने वाली है। ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार के सभी साथी भी इस विस्तार में अपना योगदान देने में व्यस्त हैं, इसी उत्सुकता का प्रमाण कल पोस्ट हुए हमारे दो साथिओं के कमेंटस से दर्शित हो रहा था। आदरणीय चंद्रेश जी एवं अरुण वर्मा जी ने 15 करोड़ गायत्री परिजनों द्वारा गुरु-साहित्य केवल 15 लोगों में वितरित करने की बात की और हम सबको इस गणित को समझाने का प्रयास किया, निष्कर्ष निकाला कि  मात्र इतने से प्रयास से ही सारा विश्व गायत्रीमय हो जायेगा !!! दोनों साथिओ की Wishful thinking को नमन करते हैं एवं गुरुदेव के सन्देश को आत्मसात करते हुए कहते हैं कि केवल पहला  कदम ही उठाने की ज़रुरत हैं, बाकी सब गुरुदेव स्वयं ही कर लेंगें !!! केवल उस दिव्यसत्ता पर विश्वास करने की ही ज़रुरत है। अक्सर ऐसी धारणा है कि कोई सुनता ही नहीं है, आदरणीय राधा जी भी फ़ोन पर इसी तरह की बात कर रही थीं लेकिन जो नहीं सुनता उसे बाधित करने में हमारे गुरु का अनादर है, हमारा गुरु इतना सस्ता नहीं है, उन्होंने ने तो पत्थरों से भी कार्य करवा लिया है, हम केवल निस्वार्थ भाव से गिलहरी जितना,उनके ही मार्गदर्शन में चलते रहें।  प्रतिभाएं कहाँ से आएंगीं? ह्रदय परिवर्तन कैसे होंगें ? यह सब दिव्य सत्ता ही करेगी, 1926 को प्रज्वलित किया गया अखंड दीप जिसकी शताब्दी इस वर्ष मनाई जा रही है, कैसे प्रभावित किये बिना रह पायेगा? इस दीपक के आलोक की शक्ति पर शंका करने का अर्थ है अपने गुरु की शक्ति पर शंका करना, जो इस परिवार में कतई मान्य नहीं होगा।

हर पुस्तिका के शुभारम्भ से पहले संक्षेप में भूमिका  दी जाती रही है जिससे जिज्ञासा और रूचि दोनों को ही पंख लगाने  में सहायता मिलती है। इसी प्रथा का पालन करते हुए 9वीं पुस्तक के टाइटल में “प्रज्ञा” शब्द को समझना बहुत आवश्यक हैं। इस शब्द को पहले भी अनेकों बार समझा गया है लेकिन भूलना मनुष्य की प्राकृतिक नेचर है और स्मरण कराना हमारा कर्तव्य है।

संस्कृत भाषा में प्रज्ञा का अर्थ विशेष ज्ञान, सर्वोच्च बुद्धि, विवेक या सत्य-असत्य की पहचान करने की मानसिक क्षमता कहा गया है। प्रज्ञा का अर्थ ऐसा  ज्ञान होता है  जो सामान्य बुद्धि से ऊपर हो। सामान्य बुद्धि (जो लगभग हर किसी के पास होती है) किसी विषय को समझने की शक्ति होती है लेकिन प्रज्ञा वह शुद्ध और परिपक्व समझ है जो सही-गलत, सत्य और असत्य के बीच अंतर करके, तर्कों की सहायता से सही निर्णय लेने में मदद करती है। प्रज्ञा को “मन की उच्च क्षमता” के रूप में परिभाषित किया गया है। यहीं तो सारा झंझट उठता है, कोई भी साधारण मनुष्य तर्कशील कहाँ होना चाहता है? भीड़ में धक्का लग कर आगे बढ़ने वाले, हवा को झोंकों से उड़ने  वाले पत्तों के साथ बाकी पत्तों को भी उड़ा लेने वाले तर्क की बात कहाँ समझेगें? जहाँ भी तर्क की बात हुई, समझो समस्या को ही बुलावा दे डाला !!! लेकिन इस संदर्भ में साथिओं से एक बात कहना बहुत ही उचित समझते हैं और वह यह है कि समस्या के बुलावे के डर से भागने वालों को भगोड़ा कहा जाता है। हम सब भगोड़े नहीं हैं, उस असाधारण गुरु की संतान हैं जिसने अनेकों विरोधिओं से लोहा लिया हुआ है,अपने ऊपर चाकू और बन्दुक के वार भी सहे हैं !!! युग निर्माण ऐसे कैसे हो पायेगा ? हमें विश्वास है कि आप सब साधारण नहीं असाधारण हैं, तभी तो इस परिवार में स्थिर होकर वर्षों से बैठे हुए  हैं, स्वाद चखने वालों में से नहीं हैं,  महाकाल ने ऐसे ही प्रतिभाशालिओं को आमंत्रण किया है।    आध्यात्मिक दृष्टि से प्रज्ञा का अर्थ आत्मा या परमात्मा के सच्चे ज्ञान की जागृति से है। यह मनुष्य को सांसारिक मोहमाया से ऊपर उठाकर सही दृष्टि प्रदान करती है। यह अज्ञान के अंधकार को दूर करने वाली दृष्टि है।भारतीय परंपरा में “प्रज्ञा” एक लोकप्रिय स्त्री नाम भी है, जिसका अर्थ बुद्धिमत्ता, समझदारी और “ज्ञान की देवी माँ  सरस्वती” का रूप भी माना जाता है।

तो साथिओ, प्रज्ञावतार की  विस्तार प्रक्रिया में आप जैसे प्रज्ञावान, निष्ठावान, संस्कारित, बुद्धिमान साथिओं के योगदान की ही ज़रुरत है जो साधारण बुद्धिमानों से अलग हों।  गुरुदेव के विचार क्रांति अभियान एवं  युग निर्माण योजना साधारण मनुष्यों का कार्य थोड़े है, यह तो आप जैसे देवमानवों से ही पूरे होंगें।

विचारों की शक्ति के बारे में इसी मंच  से न जाने कितना ही कुछ लिखा जा चुका है लेकिन ज्ञान तो असीमित है, उसे जितना अधिक जानने का प्रयास करें तृष्णा बढ़ती ही जाती है,आनंद के द्वार खुले ही जाते हैं, ज्ञान के अथाह सागर में डुबकी मारने की जिज्ञासा बढ़ती ही जाती है।

विचारों से ही दैत्य बनते हैं,विचारों से ही देवताओं का जन्म होता है। सभी जानते हैं कि विचारों की शक्ति असीम है लेकिन अधिकतर लोगों के लिए विचार केवल कल्पनाएँ मात्र ही होते हैं। ऐसे लोग न तो विचारों को विशेष महत्व देते हैं और न ही उनसे अपनी चेतना का कोई विशेष संबंध समझते हैं। इसका एकमात्र कारण यह है कि “उन्होंने विचारों की शक्ति पर कभी गंभीरतापूर्वक ध्यान नहीं दिया और न ही यह अनुभव किया कि वास्तव में हम शुद्ध चेतना हैं।”

वास्तव में यह समूचा सृष्टि-जगत विचारों की ही उपज है। यह भौतिक संसार, जो हमें स्थूल रूप में दिखाई देता है, वह भी सूक्ष्म विचार-शक्ति का ही सघन रूप है। उपनिषदों में कहा गया है: “एकोहम बहुस्यामि”, अर्थात् मैं एक हूँ, बहुत हो जाऊं। सृजन की मूल प्रेरणा भी एक विचार ही थी। यदि हम केवल आध्यात्मिक दृष्टि से न भी देखें, तो भी यह निर्विवाद है कि संसार में जितनी भी खोजें, आविष्कार, साहित्य, कला, विज्ञान, तकनीकी और जीवन परिवर्तनकारी व्यवस्थाएँ बनीं, वोह  सभी पहले किसी के मस्तिष्क में एक विचार के रूप में उत्पन्न हुईं। विचार से चिंतन हुआ, चिंतन से योजना बनी और योजना से यथार्थ सृजन हुआ। इसी  मूल मंत्र को लेकर गुरुदेव ने  “विचारों के विज्ञान Science of thoughts” को युग परिवर्तन का मूल आधार बनाया है। गुरुदेव ने ने कहा: “मनुष्य जैसा सोचता है, वैसा बनता है।” इसी सूत्र को आधार बनाकर उन्होंने “विचार क्रांति अभियान” की शुरुआत की जिसके अंतर्गत व्यक्ति को उसके चेतन और दिव्य स्वरूप का परिचय कराना, उसे सकारात्मक, सृजनात्मक और सात्विक चिंतन की दिशा में मोड़ना, और फिर उसी मानसिकता से समाज को नव दिशा देना है।

मानव जीवन का हर क्षण विचारों से बुना  हुआ है। जीवन की दिशा और दशा, दोनों का आधार व्यक्ति के विचार ही होते हैं। वैज्ञानिकों ने पाया है कि विचार तरंगों की फ्रीक्वेंसी और विस्तार, Electromagnetic  तरंगों से भी अधिक है। जिस व्यक्ति के विचार जितने दिव्य, उच्च और व्यापक होते हैं, उसमें उतनी ही अधिक प्राणशक्ति (Vital Energy) संचित होती है। यह प्राणशक्ति विचारों को एक ऊर्जावान दिशा देती है। यही कारण है कि कुछ महापुरुषों के विचार पूरी मानवता को प्रभावित करते हैं। हर व्यक्ति के शरीर से उसकी अंतःप्रवृत्तियों के अनुसार एक आभा-मंडल (Aura) प्रकट होता है। किरलियन फोटोग्राफी द्वारा यह आभा देखी भी जा सकती  है। यह आभा व्यक्ति के सत्व, रज और तम गुणों पर आधारित होती है। जहाँ क्रूरता, द्वेष और वासना जैसे विचार काले और धूमिल रंगों में दिखते हैं, वहीं प्रेम, सेवा, त्याग और तप जैसे विचार उज्ज्वल लाल, पीले, नीले रंगों में परिवर्तित होते हैं।

महान योगीजन विचारों के इस सूक्ष्मलोक (Ideosphere) को देख सकते हैं, समझ सकते हैं और आवश्यक हो तो प्रभावित भी कर सकते हैं।

यही प्रक्रिया गायत्री साधना और सामूहिक जप-यज्ञ के माध्यम से गायत्री परिवार द्वारा आज के युग में भी अपनाई जा रही है।

अंत में इस तथ्य पर चर्चा करना बहुत आवश्यक है कि विचार क्रांति अभियान उन लोगों तक कैसे पंहुचेगा जो गायत्री परिवार से नहीं जुड़े हुए हैं।  क्या विचारक्रांति के लिए गायत्री परिवार से जुड़ना, गायत्री यज्ञ, गायत्री मंत्र जाप करना आवश्यक है? नहीं। विचारक्रांति अभियान किसी एक धर्म एवं वर्ग तक सीमित नहीं है, इसका उद्देश्य सम्पूर्ण मानव जाति की सोच और मानसिकता में सकरात्मक परिवर्तन लाना है। कौन नहीं चाहता कि उसके विचार सकारात्मक बनें ? कौन नहीं जानता कि जैसा मैं सोचूंगा वैसा ही बन जाऊंगा, सूत्र अवश्य ही गायत्री परिवार द्वारा दिया गया है लेकिन नैतिक उत्थान,सदाचार,मानवता  तो सभी इंसानों के लिए है, गायत्री मंत्र  भी तो किसी धर्म से सम्बंधित नहीं है, वह भी सूर्य भगवान् की शक्ति को धारण करते हुए सद्बुद्धि की प्रेरणा देता है, ऐसा कौन है जिसे सद्बुद्धि की ज़रुरत नहीं है ?

धन्यवाद् जय गुरुदेव


Leave a Reply