वेदमाता,देवमाता,विश्वमाता माँ गायत्री से सम्बंधित साहित्य को समर्पित ज्ञानकोष

नवसृजन का प्रचंड वातावरण बन रहा है,आइए नियंता का सहयोग करें

“महाकाल का प्रतिभाओं को आमंत्रण” पुस्तिका पर आधरित लेख श्रृंखला का आज 9वां एवं समापन लेख प्रस्तुत किया गया है। श्रृंखला का समापन गुरुदेव की ऐसी शिक्षा से हो रहा है जिसे सभी पाठकों को गाँठ बाँध लेना चाहिए। गुरुदेव बता रहे हैं कि आजकल सृजन के लिए प्रचण्ड वातावरण बन रहा है, नियन्ता का सारा ध्यान और प्रयास उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में नियोजित है। ऐसे में हम भी उसके सहभागी/सहयोगी बनकर प्रतिभा-परिष्कार का लाभ हाथोंहाथ नकद धर्म की तरह प्राप्त कर सकेंगें। सृजन-शिल्पियों के समुदाय को अग्रगामी बनाने में लगी हुई सेंट्रल पावर  अपने और दूसरों के अनेकानेक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए यह विश्वास दिलाती है, कि यह पारस से जुड़ने का समय है, कल्पवृक्ष की छाया में बैठ सकने का अवसर है। प्रभात पर्व में जागरूकता का परिचय देकर हम में से हर किसी को प्रसन्नता, प्रफुल्लता और सफलता की उपलब्धियों का भरपूर लाभ मिल सकता है।

ऐसे सुयोग (जिनकी अनेकों बार चर्चा की जा चुकी है) बार-बार नहीं आते,आइए बहती गंगा में हाथ धो लें।

*********************

प्रतिभाशाली  बनना मनुष्य का निजी पुरुषार्थ है, ऐसा होते ही अनेकों साथिओं का स्नेह, सहयोग,परामर्श एवं उपयोगी सान्निध्य स्वतः ही मिलता जाता है।अन्य सुविधा-साधन तो दूसरों की अनुकम्पा भी उपलब्ध करा सकती  है किन्तु प्रतिभा का परिष्कार करने में अपना संकल्प, अपना समय और अपना पुरुषार्थ ही काम आता है। इस पौरुष में कोताही न करने के लिए गीताकार ने अनेक प्रसंगों पर विचारशीलों को प्रोत्साहित किया है। एक स्थान पर कहा गया है अपने को उठाओ, गिराओ मत।

“पानी में बुलबुले अपने भीतर हवा भरने पर उभरते और उछलते हैं लेकिन जब बुलबुले में व्याप्त पानी की पतली सी झिल्ली टूटती  है तो उसके विलीन होने में ज़रा भी देर नहीं लगती, खोखली हवा ही तो बुलबुले को उछला रही थी ”

मनुष्य में अन्दर की लाइफ एनर्जी का बाहुल्य हो तो बाहर का लिफाफा आकर्षक या अनाकर्षक कैसा भी हो कोई फर्क नहीं पड़ता। मनुष्य के बाहरी आवरण, सूट-बूट टाई आदि कोई मतलब नहीं रखते,मनुष्य के संदर्भ में यदि कोई चीज़ किसी को प्रभावित करती है तो वोह है उसकी प्रतिभा, उसका व्यक्तित्व, बाहरी आवरण केवल बनावटी ही होते हैं। 1600 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से घूमने वाली पृथ्वी जहाँ की तहाँ स्थिर रहती है, इतनी तेज़ गति से घूम रही होती है कि हमें अनुभव तक नहीं होती। पृथ्वी 365 दिन में सूर्य के इर्द-गिर्द लंबा चक्कर लगाती है और साथ ही प्रतिदिन अपनी धुरी पर भी लट्टू की तरह घूम जाती है। पृथ्वी के ऐसे घूमने से मौसम बदलते हैं एवं दिन रात बनते हैं। यह बेसिक विज्ञान का विषय है,अभी के लिए इतना ही समझ लेना उचित रहेगा।

बुलबुलों और पृथ्वी के उदाहरणों में भीतर की ऊर्जा एवं गंभीरता की बात छिपी है। जो व्यक्ति अंदर से खोखले हैं, वही उड़ते-भागते दिखते हैं, उन्हीं के पाँव ज़मीन पर नहीं टिकते हैं,वही बुलबुलों की तरह देखते ही फट  जाते हैं।

पृथ्वी की ही तरह कितने ही व्यक्ति दिनचर्या की दृष्टि से एक ढर्रा ही पूरा करते हैं लेकिन जब भीतर वाली चेतना तेजी से गति पकड़ती है तो वे सामान्य परिस्थितियों में गुज़र-बसर  करते हुए भी उन्नति के उच्च शिखर तक जा पहुँचते हैं। यहाँ यह समझ लेना बहुत ही महत्वपूर्ण है कि सामर्थ्य भीतर ही रहती है, वहीँ से घटती-बढ़ती है और वहीँ से चमत्कार दिखाती है। तभी तो आदरणीय चिन्मय जी हमेशा भीतर की बात करते हैं।

“भीतर की सामर्थ्य को निखारने, उजागर करने पर तत्परता बरती जाए तो व्यक्तित्व की प्रखरता इतनी सटीक होती है, कि जहाँ भी निशाना लगता है, वहीं से आर-पार निकल जाता है।”

इसी तथ्य को ज़रा आगे बढ़ा कर समझने की प्रयास करें तो देखा जा सकता है कि सामर्थ्य भी विचारों से ही बनती है, विचारों से ही अच्छे-बुरे कृत्य होते हैं,युगनिर्माण के लिए इसी विषय पर काम करने की आवश्यकता है,तभी कहीं जाकर सद-विचारों की क्रांति होगी।  अपने विचारों से, प्रगति एवं विवेक के कारण आज का मनुष्य सृष्टि का मुकुटमणि बना हुआ है।  धरती,समुद्र की तो बात ही क्या, वोह तो अन्तरिक्ष पर भी अपना आधिपत्य जमा रहा है। कभी समझे जाने वाले समर्थ देवता “चन्द्रमा”  पर भी उसने अपने पैर जमा लिए हैं यां यूं कहें कि उस चन्द्रदेव  को अपने पैरों तले बैठने के लिए विवश कर दिया है।

लकड़ी का लट्ठा पानी में तभी तक डूबा रहता है, जब तक कि उसकी पीठ पर भारी पत्थर बँधा हो। यदि उस वजन को उतार दिया जाए, तो छुटकारा पाते ही नदी की लहरों पर तैरने लगता है और भँवरों को पार करते हुए दनदनाता हुआ आगे बढ़ता है। राख की मोटी परत चढ़ जाने पर जलता हुआ अंगारा भी नगण्य मालूम पड़ता है लेकिन  परत हटते ही वह अपनी जाज्वल्यमान  ऊर्जा का परिचय देने लगता है। वस्तुत: मनुष्य अपने सृजेता की तरह ही सामर्थ्यवान है। जाज्वल्यमान शब्द ज्वल से बना है जिससे दिखता  है कि ज्वलन और चमक से सम्बंधित है। मनुष्य में जब तक कुछ विशेष (औरों से हटकर) अग्नि नहीं उठती, तब तक उसमें चमक आना असंभव है।

लकड़ियों को रगड़ कर आग पैदा कर लेने वाला पुरातन मनुष्य आज  अपने अन्दर विद्यमान सशक्त प्रतिभा को अपने बलबूते बिना किसी का अहसान लिए प्रकट न कर सके, ऐसी कोई बात नहीं। आवश्यकता केवल प्रबल इच्छा-शक्ति एवं उत्कण्ठा की है। उसकी कमी न पड़ने दी जाए तो मनुष्य अपनी उस क्षमता को प्रकट कर सकता है जो न तो देवताओं से कम है और न ही दानवों से। जब वह घिनौने कार्य करने पर उतरता है तो प्रेत-पिशाचों से भी भयंकर दिखता है लेकिन जब वह अपनी श्रेष्ठता को उभारने, कार्यान्वित करने में जुट जाता है तो देवता भी उसे नमन करते हैं। मनुष्य ही है जिसके कलेवर में भगवान बार-बार अवतार धारण करते हैं। मनुष्य ही है जिसकी अभ्यर्थना पाने के लिए देवता तक लालायित रहते हैं और वैसा कुछ मिल जाने पर वरदानों से उसे निहाल करते हैं। स्वर्ग की देवियाँ ऋद्धि-सिद्धियों के रूप में उसके आगे-पीछे फिरती हैं और आज्ञानुवर्ती बनकर मिले हुए आदेशों का पालन करती हैं। भूलोक समस्त ग्रहलोकों  से अधिक जीवन्त, सुसम्पन्न और शोभायमान माना जाता है लेकिन यह भी  भुलाया नहीं जा सकता कि आदिकाल के इस अनगढ़ ऊबड़-खाबड़ धरातल को आज जैसी सुसज्जित स्थिति तक पहुँचाने का श्रेय केवल “मानवी पुरुषार्थ” को ही जाता  है। मनुष्य ही अनेक जीव-जन्तुओं पशु-पक्षियों का पालनहार एवं आश्रयदाता है। फिर कोई कारण नहीं कि भगवान् द्वारा प्रदान की गयी  समर्थता को जगाने-उभारने के लिए यदि मनुष्य संकल्पित हो चले तो उस प्रतिभा का धनी न बन सके जिसकी यश-गाथा गाने में, लेखनी और वाणी को भी हार माननी पड़ती है।

मनुष्य प्रभावशाली तो है लेकिन साथ ही वह सम्बद्ध वातावरण से प्रभावित भी होता  है। दुर्गंधित साँस लेने से सिर चकराने लगता है और सुगन्धि का प्रभाव शान्ति, प्रसन्नता और प्रफुल्लता प्रदान करता है। बुरे लोगों के बीच बुराई से संचालित  घटनाओं के बीच  समय गुजारने वाला मनुष्य क्रमश: पतन और पराभव के गर्त में ही गिरता जाता है। दूसरी तरफ  मनीषियों, चरित्रवानों, सत्साहसी लोगों के सम्पर्क में रहने पर उनका प्रभाव,अनुदान सहज ही खिंचता चला आता है और व्यक्ति को उठाने  में असाधारण सहायता करता है। इन दिनों व्यक्ति और समाज में हीनता और निकृष्टता का ही बाहुल्य है। जहाँ इस प्रकार का वातावरण बहुलता लिए हो,उससे यथासम्भव बचना, असहयोग करना,कन्नी काटना  ही उचित है।

आज के युग में सज्जनता तो दीपक लेकर ढूंढने जैसी बात है लेकिन फिर भी,अभी भी कठिन परिश्रम करने पर मिल ही जाती है। सत्प्रवृत्तियों की समर्थता भी जहाँ-तहाँ  दिखाई दे ही जाती है। ऐसी दशा में उत्कृष्ट साहित्य,गुरुवर द्वारा रचित साहित्य,साहित्य को मथ कर निकाले गए मक्खन जैसे ज्ञानप्रसाद लेख पाठकों को  ऐसा अनुभव करा सकते हैं  मानों देवलोक के नन्दनवन में विचरण किया जा रहा हो । इस सम्बन्ध में स्वाध्याय और सत्संग का सहारा लिया जा सकता है। इतिहास में से वे पृष्ठ ढूँढ़े जा सकते हैं, जो स्वर्णाक्षरों में लिखे हुए हैं और मानवी गरिमा को महिमामण्डित करते हैं।

यही कारण है कि ज्ञानप्रसाद लेखों में इम्पॉटेंट पॉइंट हाईलाइट “Quote/unquote) किये गए होते हैं।

आत्मविश्वास बहुत बड़ी चीज है, वह रस्सी को साँप और साँप को रस्सी बना सकने में समर्थ है। संकल्प-शक्ति की विवेचना करने वाले कहते हैं कि वह चट्टान को भी चटका देती है, कठोर को भी नरम बना देती है और उन साधनों को खींच बुलाती है जिनकी आशा अभिलाषा में जहाँ-तहाँ प्यासे कस्तूरी हिरण की तरह मारा-मारा फिरना पड़ता है। यदि

मनुष्य उतारू हो जाए तो दुष्कर्म भी कर गुजरता है। आत्महत्या तक के लिए उपाय अपना लेता है फिर कोई कारण नहीं कि उत्थान का अभिलाषी अभीष्ट अभ्युदय के लिए सरंजाम न जुटा सके।  दूसरों पर विश्वास करके उन्हें मित्र-सहयोगी बनाया जा सकता है। श्रद्धा के सहारे पत्थर में देवता प्रकट होते देखे गये हैं, फिर कोई कारण नहीं कि अपनी श्रेष्ठता को समझा-उभारा और सँजोया न जा सके एवं व्यक्ति ऐसी समुन्नत स्थिति तक न पहुँच सके जिस तक जा पहुँचने वाले हर स्तर की सफलता अर्जित करके दिखाते हैं।

आत्म-निरीक्षण  को सतर्कतापूर्वक सँजोया जाता रहे तो ऐसी-ऐसी विशेषताएं  दृष्टिगोचर होती हैं जो आमतौर पर छिपी रहती हैं। मनुष्य को समझना चाहिए कि जिस प्रकार उसे दूसरों की गलतियां ढूंढने की अभिरुचि रहती है वैसे  ही अपने दोष-दुर्गुणों को बारीकी से खोजा और उन्हें निरस्त करने के लिए साहस दिखाया जाए तो कोई कारण नहीं कि उनसे छुटकारा पाने के उपरान्त अपने को समुचित और सुसंस्कृत न बनाया जा सके। इसी प्रकार औरों की अपेक्षा अपने में जो विशिष्टताएँ दिख पड़ती हैं उन्हें सींचने-सम्भालने में उत्साहपूर्वक प्रयत्न किया जाए तो कोई कारण नहीं कि व्यक्तित्व अधिक प्रगतिशील, अधिक प्रतिभा-सम्पन्न न हो जाए

गुरुदेव बता रहे हैं कि आजकल नवसृजन के लिए प्रचण्ड वातावरण बन रहा है, नियन्ता का सारा ध्यान और प्रयास उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में नियोजित है। ऐसे में हम भी उसके सहभागी/सहयोगी बनकर प्रतिभा-परिष्कार का लाभ हाथोंहाथ नकद धर्म की तरह प्राप्त कर सकेंगें। सृजन-शिल्पियों के समुदाय को अग्रगामी बनाने में लगी हुई सेंट्रल पावर  अपने और दूसरों के अनेकानेक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए यह विश्वास दिलाती है, कि यह पारस से जुड़ने का समय है, कल्पवृक्ष की छाया में बैठ सकने का अवसर है। प्रभात पर्व में जागरूकता का परिचय देकर हम में से हर किसी को प्रसन्नता, प्रफुल्लता और सफलता की उपलब्धियों का भरपूर लाभ मिल सकता है।

जय गुरुदेव


Leave a Reply