वेदमाता,देवमाता,विश्वमाता माँ गायत्री से सम्बंधित साहित्य को समर्पित ज्ञानकोष

मनुष्य में व्याप्त लाइफ एनर्जी के चमत्कार- The Miracles of the Life Energy Present Within Human Beings

मनुष्य के काय-कलेवर के द्वारा जो अनेक चमत्कारी कार्य  होते दिख  पड़ते हैं, वे मात्र-हाड़-माँस की उपलब्धि नहीं होते बल्कि उछलती उमंगों के रूप में प्रतिभा ही होती है। गाड़ी की बॉडी चाहे कितनी भी आकर्षक क्यों न हो, इंटीरियर कितना भी Cosy हो, Features कितने भी Top-of-the line क्यों न हों लेकिन जो कार्य पेट्रोल ने करना है, उसके आगे सब बौने ही दिखते हैं। पेट्रोल के बिना (यां इलेक्ट्रिक गाडिओं में चार्ज के बिना) कुछ भी तो नहीं हो सकता। जिस प्रकार नियमित तौर पर गाड़ी को चार्ज करना पड़ता है, पेट्रोल भरना पड़ता है ठीक उसी प्रकार मानव शरीर में व्याप्त लाइफ एनर्जी को नियमितता से अपडेट करना बहुत ही आवश्यक है। नियमितता से प्रतिभा का परिष्कार ही लाइफ एनर्जी को अपडेटेड रखता है। जिस फ़ोन पर आप यह लेख पढ़ रहे हैं उसके सॉफ्टवेयर को तो रेगुलरली अपडेट करते रहते हैं, कभी मानवी शरीर के सॉफ्टवेयर को भी अपडेट करने का सोचा है, यदि नहीं तो आज से ही ज्ञानप्रसाद लेखों को पढ़ना और समझना शुरू कर दें,जीवन का सॉफ्टवेयर  स्वयं ही अपडेट होता जायेगा, It is so simple, it is not rocket science.

“महाकाल का प्रतिभाओं को आमंत्रण” पुस्तिका पर आधारित लेख श्रृंखला का 8वां लेख प्रस्तुत है,आइए गुरुचरणों में समर्पित होकर लेख को न केवल पढ़ें बल्कि समझकर अंतर्मन में उतारने का प्रयास करें।

***********************

मनुष्य की प्रवृति है कि साथिओं-संगिओं की सहायता मिलती रहे तो जीवन सरल एवं आरामदायक गुज़र जाता है। इसमें कोई दो राय नहीं कि  सहायता नहीं मिलती, अवश्य मिलती है लेकिन उसे प्राप्त करने के लिए मनुष्य को पात्रता साबित करनी होती है। तो साथिओ सहायता Conditional हुई न? बैंक से लोन लेने के लिए भी कुछ गिरवी रखना पड़ता है- हुआ न Conditional? तो आओ पात्रता गिरवी रखो और असीमित सहायता प्राप्त कर लो।

वर्षा ऋतु कितने ही दिन क्यों न रहे, कितनी ही मूसलाधार क्यों न बरसे लेकिन मनुष्य के  पल्ले तो उतना ही पड़ेगा जितना उसका बर्तन होगा। सावन में सब जगह हरियाली उगती है लेकिन चट्टानों पर एक तिनका भी नहीं उगता। उर्वरता न हो, तो भूमि में कोई बीज उगेगा ही नहीं। छात्रों को अगली कक्षा में चढ़ने/पुरस्कार जीतने/छात्रवृत्ति पाने का अवसर किसी की कृपा से नहीं मिलता। उनकी परिश्रमपूर्वक बढ़ी हुई योग्यता ही काम आती है। प्रतियोगिताओं में पुरस्कृत होने वाले व्यक्ति जिस-तिस का अनुग्रह मिलने की आशा नहीं लगाए रहते बल्कि अपनी दक्षता, समर्थता को विकसित करके बाजी जीतने वाले सफल व्यक्तियों की पंक्ति में जा बैठने की प्रतिष्ठा अर्जित करते हैं। देवताओं तक का अनुग्रह, तपश्चर्या की प्रखरता अपनाने वाले ही उपलब्ध करते हैं। बिना प्रयास के तो थाली में रखा हुआ भोजन भी मुँह में प्रवेश करने और पेट तक पहुँचने में सफल नहीं होता।

महान शक्तियों ने जिस पर भी अनुग्रह किया है, उसे सर्वप्रथम उत्कृष्टता अपनाने और प्रबल पुरुषार्थ में जुटने की ही प्रेरणा दी है। इसके बाद ही उनकी सहायता की बात उठती  है। कुपात्रों को यह आशा  करना व्यर्थ है कि उन्हें अनायास ही मानवी या दैवी सहायता उपलब्ध होगी और सफलताओं, सिद्धियों, विभूतियों से अलंकृत करके रख देगी।

समाज और प्रकृति का यह कड़वा नियम रहा है कि जो बलवान, सक्षम और प्रभावशाली होता है, उसकी हर जगह रक्षा या मदद होती है। इसके विपरीत, जो दुर्बल कमजोर, गरीब, साधनहीन या सीधा-सादा होता है, उस पर चारों तरफ से मुसीबतें टूटती हैं, ऐसा लगता है कि भाग्य भी उसी पर ही वार करता है। जब कोई व्यक्ति बलि देने की प्रथा को निभाना  चाहता है तो वह बलवान और खतरनाक जानवरों जैसे घोड़े, हाथी, शेर आदि  की बलि देने से डरता है । अंत में बलि के लिए एक सीधे-सादे और कमजोर बकरे को चुन लिया जाता है। इसलिए  कहा जाता है कि कमजोर होना ही सबसे बड़ा अभिशाप है, और यहाँ तक कि भगवान भी कमजोर पर ही मार डालते हैं।

लेकिन यहाँ पर यही सन्देश प्रसारित किया जा रहा है कि भगवान किसी को भी कमज़ोर और बेचारा नहीं बनने  देते। वोह चाहते हैं हर किसी व्यक्ति को दिए गए अनुदानों का ठीक प्रयोग हो, सभी शक्तिशाली बनें, कोई दुर्बल न रहे।

दुर्बल व्यक्ति, जिनका Immune system कमज़ोर होता है उन्हीं पर विषाणुओं की अनेक प्रजातियाँ चढ़ दौड़ती हैं। शीतऋतु का आगमन होते ही  मक्खी-मच्छर जैसे कृमि-कीटकों के समूह दुर्बलों को मृत्यु के मुँह में धकेल देते हैं ।

सड़क पर बसों-मोटरों का ढाँचा दौड़ता दिखता  है लेकिन  जानकार जानते हैं कि इस  दौड़ के पीछे काम करने वाली शक्ति टंकी में भरा  ज्वलनशील पेट्रोल ही है। पाठकों ने यह कॉमन सा दृश्य अवश्य देखा होगा जब गाड़ी में पेट्रोल खत्म हो जाता है तो सवारियों को अपने बाहुबल से धकेलकर पेट्रोल पंप तक गाड़ी को धकेलना पड़ता है। पुरुषार्थ की इस   स्थिति में भी वोही लोग आगे आते हैं जिनके पास ऊर्जा,शक्ति, बल, इच्छा-शक्ति, संकल्प-शक्ति जैसी प्रतिभाओं का समुच्य होता है, प्रतिभाहीन तो ऐसी स्थिति में भी बीमारी आदि के बहाने बनाकर कन्नी काटते देखे गए हैं।

मनुष्य के काय-कलेवर के द्वारा जो अनेक चमत्कारी कार्य  होते दिख  पड़ते हैं, वे मात्र-हाड़-माँस की उपलब्धि नहीं होते बल्कि उछलती उमंगों के रूप में प्रतिभा ही होती है।

स्वयंवर में माला उन्हीं के गले में पड़ती है, जो दूसरों की तुलना में अपनी विशिष्टता सिद्ध करते हैं,those who can stand out ! चुनावों में वे ही जीतते हैं, जिनमें दक्षता प्रदर्शित करने और लोगों को अपने प्रभाव में लाने की योग्यता होती है। मजबूत कलाइयाँ ही हथियार का सफल प्रहार कर सकने में सफल होती हैं। दुर्बल भुजाएँ तो हारने के अतिरिक्त और कुछ प्राप्त कर सकने में सफल ही नहीं होतीं।

व्यक्ति की अन्त:चेतना, जिसे प्रतिभा कहते हैं, इतनी सबल है कि अनेकों अभावों और व्यवधानों को रौंदती हुई उन्नति के उच्च शिखर तक जा पहुँचने में समर्थ होती है। प्रतिभा वह सम्पदा है, जो व्यक्ति की मनस्विता, ओजस्विता, तेजस्विता के रूप में बहिरंग में प्रकट होती है। यदि प्रसुप्त को उभारा जा सके, स्वयं को खराद पर चढ़ाया जा सके तो व्यक्ति असम्भव को भी सम्भव बना सकता है।

यह अध्यात्म-विज्ञान का एक सुनिश्चित सिद्धान्त एवं अटल सत्य है। सुप्त साथिओं के लिए ज्ञानप्रसाद लेख प्रतिभा जागृत करने का एक बहुत ही सरल,उपयोगी साधन है।

बिजली की शक्ति-सामर्थ्य से सभी परिचित हैं। छोटे-बड़े अनेकों यन्त्र-उपकरण उसी की शक्ति से चलते और महत्त्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित करते हैं।

मनुष्य शरीर में भी जीवनचर्या को सुसंचालित रखने में जैव विद्युत (Life energy) ही काम आती है। चेहरे पर चमक, स्फूर्ति और पुरुषार्थ कर दिखाना इसी लाइफ एनर्जी के अनुदान हैं। मन में शौर्य-पराक्रम साहस-विश्वास आदि के रूप में जब उसका अनुपात संतोषजनक मात्रा में होता है, तो उसे प्रतिभा कहते हैं। खराद पर होने वाली रगड़ाई,जीवन के उतार-चढाव मनुष्य की प्रसुप्त क्षमताओं को जगाने में बहुत ही सहायक होते हैं । कठिनाइयों से जूझ पड़ना और उन्हें परास्त कर सकना इसी लाइफ एनर्जी के घटने-बढ़ने के कारण होता  है। महत्त्वपूर्ण सृजन-प्रयोजनों को कल्पना से आगे बढ़कर योजना तक और योजना को कार्यान्वित करते हुए सफलता की स्थिति तक पहुँचाने की सुनिश्चित क्षमता भी उसी प्रतिभा में है, जिसे अध्यात्म की भाषा में “प्राणाग्नि एवं तेजस्वी मानसिकता” कहते हैं। उपासना क्षेत्र में इसीलिए प्राणायाम जैसे यत्न सरलता पूर्वक किये जाते हैं। तपश्चर्या में तितीक्षा अपनाते हुए साधन-सुविधा की आवश्यकता इसी इंटरनल शक्ति के सहारे सम्पन्न कर ली जाती थी। तितिक्षा का अर्थ सहनशीलता, सहिष्णुता,धैर्य,यां कष्टों को चुपचाप सहते रहना समझा गया है। शाप-वरदान एवं असाधारण स्तर के चमत्कार दिखा सकना और कुछ नहीं मात्र प्राणाग्नि के ज्वलनशील होने से उत्पन्न हुई ऋद्धि-सिद्धि स्तर की क्षमता ही है।

हमारे पाठकों को उस लेख श्रृंखला का स्मरण हो आया होगा जो गुरुदेव की उत्तम रचना “काया में समाया प्राणाग्नि का जखीरा” पर आधारित थी। मात्र 43 पन्नों की इस पुस्तक को समझने के लिए जनवरी से मार्च 2025 में हमने 14 ज्ञानप्रसाद लेख प्रस्तुत किये जिन्हें सभी ने पूरे मन से पढ़ा एवं सराहा। गुरुदेव ने तो अपने विशाल ज्ञान को हम बच्चों के लिए छोटी-छोटी पुस्तिकाओं में प्रस्तुत तो कर दिया लेकिन उन्हें समझकर अंतर्मन में उतरवाने का कार्य इन पंक्तिओं को लिख रहे नाचीज़ को सौंप दिया। तभी तो हर लेख के साथ अटैच्ड स्लाइड के नीचे एक एडिशनल सन्देश ऐड किया जा रहा  है।

शरीरबल, धनबल, बुद्धिबल तो अनेकों लोगों में मिल जाएंगें  लेकिन प्रतिभा के धनी आसानी से कहाँ खोजे-पाए जा सकते हैं!!!  समुद्र-मन्थन जैसा महापराक्रम ही एकमात्र विकल्प है।

पाठक जानते हैं कि यदि सत्संग से उत्थान हो सकता है तो कुसंग से ही पतन की पृष्ठभूमि बनती है। यह और कुछ नहीं,प्रतिभा का भले-बुरे मार्ग की ओर केंद्रित होना ही  है। मानवीय विद्युत के अनेकानेक चमत्कारों की विवेचना करते हुए यह भी कहा जा सकता है कि प्रतिभा नाम से जानी जाने वाली यह प्राण-विद्युत ही अपने क्षेत्र में अपने ढंग से अपना काम कर रही है। जिस मनुष्य में  इस मानवीय विद्युत का  अभाव होता है, उसे कायर, अकर्मण्य, डरपोक, आलसी एवं आत्महीनता से ग्रसित माना जाता है। संकोची, परावलम्बी एवं मन ही मन घुटते रहने वाले प्राय: प्रतिभा  विशिष्टता से रहित पाए जाते हैं। सोचना, चाहना, कल्पना करना और इच्छा-आकांक्षाओं का लबादा ओढ़े फिरने वालों में से कितने ही लोग ऐसे भी होते हैं, जो आकांक्षा-अभिलाषा तो बड़ी-बड़ी सँजोए रखते हैं लेकिन  उसके लिए जिस लगन, दृढ़ता, सङ्कल्प एवं अनवरत प्रयत्न-परायणता की आवश्यकता रहती है, उसे नहीं  जुटा पाते। फलत: वे मन मारकर बैठे रहने और असफलताजन्य निराशा ही हाथ लगने तथा भाग्य को दोष देते रहने के अतिरिक्त मन को समझाने के लिए और कोई विकल्प खोज ही नहीं पाते। बार-बार पढ़ते आ रहे हैं कि पारस को छूकर लोहा सोना हो जाता है, यह प्रतिपादन कितना सही या गलत है इसका कोई प्रमाण तो है नहीं  लेकिन  इस मान्यता में सन्देह करने की ज़रा सी भी गुंजाइश नहीं कि

प्रतिभा को आत्मसात करने के उपरान्त सामान्य परिस्थितियों में जन्मा और पला मनुष्य भी परिस्थितिजन्य अवरोधों को नकारता हुआ प्रगति के पथ पर अग्रगामी और ऊर्ध्वगामी बनता चला जाता है। फूल खिलते हैं तो उसके इर्द-गिर्द मधुमक्खियाँ और तितलियाँ कहीं से भी आकर उसकी शोभा बढ़ाने लगती हैं, भौंरे उसका यशगान करने में न तो चूकते हैं, न ही सकुचाते हैं। ऐसे मनुष्य की शोभा में देवता फूल बरसाते और ईश्वर सहायता करने में ज़रा सा भी संकोच नहीं करते।

आज के लेख का समापन आदरणीय उमाकान्तानंद स्वामी जी की वीडियो से कर रहे हैं जिसमें पारस की बात कही गयी है:https://youtube.com/shorts/y98KNt_TJew?si=pwgjT0EhjuMIW5IU

जय गुरुदेव


Leave a Reply