“महाकाल का प्रतिभाओं को आमंत्रण” एक बहुत ही छोटी सी शार्ट फॉर्मेट में प्रकाशित हुई गुरुदेव की रचना है। इस पुस्तिका से प्रेरित होकर, समर्पित साथिओं के सहयोग से ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार के मंच से 6 लेख प्रकाशित हो चुके हैं, आज इसी श्रृंखला का 7वां लेख प्रस्तुत है। सभी लेखों में प्रतिभा,प्रतिभावान,प्रतिभाशील,प्रतिभा-परिष्कार आदि विषयों पर चर्चा की जा रही है। हो भी क्यों न? यदि इस बेसिक विषय की समझ आ गयी तो अनाचारों के महाप्रलय को अवश्य ही स्पीड ब्रेकर लगेगा, कार्य असाधारण है क्योंकि यह युग के परिवर्तन की बात है, कोई ऐसी वैसी बात नहीं है, ऐसे वैसों के बस की बात नहीं है, यह कोई भीड़ इक्क्ठी करने की बात नहीं है, शुद्ध प्रतिभावान अग्रदूतों की तलाश है, हम ही हैं वोह अग्रदूत !!!
आइए आज की गुरुकक्षा का शुभारम्भ करें, सभी गुरुशिष्यों का स्वागत है।
*****************
किसी व्यक्ति की वरिष्ठता उसके पारमार्थिक पौरुष के आधार पर ही आँकी जाती है। श्रेष्ठों-वरिष्ठों का आँकलन इसी एक आधार पर होता रहा है। लौकिक पौरष (संसार से जुड़े) का संबंध धन, यश, शारीरिक बल या भौतिक इच्छाओं (अर्थ और काम) को पूरा करने से होता है जबकि पारमार्थिक पौरुष का मतलब संसार से मोहमाया और दुःखों से ऊपर उठकर अपनी आत्मा की वास्तविक स्थिति को जानना और मोक्ष (परम कल्याण) की प्राप्ति के लिए आंतरिक साहस व दृढ़ता दिखाना होता है। यह भी विश्वास किया जाता है कि बड़े कामों को सम्पन्न करने में ऐसे ही लोगों की मनस्विता काम आती है। बुद्धिमान, समझदार, श्रेष्ठ मन या उच्च विचार वाला, स्थिरचित्त, दृढ़निश्चयी, और स्वाभिमानी मनुष्य को मनस्वी कहते हैं।
पटरी पर से उतरे इंजन को उठाकर फिर उसी स्थान पर रखने के लिए मजबूत और बड़ी क्रेन चाहिए। उफनती नदी में जब भँवर पड़ते रहते हैं तब बलिष्ठ नाविकों के लिए ही यह सम्भव होता है कि वे पानी में डगमगाती नाव को खेकर किनारे तक पहुँचाएँ। समाज की सुविस्तृत, उलझन भरी बड़ी समस्याओं को सही तरह सुलझा सकना उन साहसी और बुद्धिजनों से ही बन पड़ता है जिन्हें दूसरे शब्दों में “प्रतिभावान” कहा जा सकता है।
युग परिवर्तन स्तर के महान प्रयोजन को हाथ में लेने के लिए अपनी साहसिकता एवं गौरवभरी गरिमा का परिचय दे सकने वाले व्यक्ति चाहिए। आड़े समय में ऐसे ही बुद्धिमान, निष्ठावान प्रतिभावानों को खोजा,उभारा और खरादा जाना है।
एक सम्भावना यह है कि संचित अनाचारों का विस्फोट महाप्रलय जैसी स्थिति उत्पन्न कर सकता है। उसे रोकने के लिए सशक्त स्पीड ब्रेकर चाहिए। ऐसा स्पीड ब्रेकर जो उफनती हुई नदियों पर बाँध बनाकर उस जल-संचय को नहरों द्वारा खेत-खेत तक पहुँचा सके।
वह साधारणों का नहीं असाधारणों का काम है।
ताजमहल, मिस्र के पिरामिड, चीन की दीवार, पीसा की मीनार, स्वेज और पनामा नहर, हालैण्ड द्वारा समुद्र को पीछे धकेलकर उस स्थान पर सुरम्य औद्योगिक नगर बसा लेने जैसे अद्भुत सृजन-कार्य जहाँ-तहाँ विनिर्मित हुए दिख पड़ते हैं, वे आरम्भ में किन्हीं एकाध संकल्पवानों के ही मन-मानस में उभरे थे। बाद में सहयोगियों की मण्डली जुड़ती गई और असीम साधनों की व्यवस्था बनती चली गई।
नवयुग का अवतरण भी इन सबमें बढ़ा-चढ़ा कार्य है क्योंकि उसके साथ संसार के समूचे जनसमुदाय का सम्बन्ध किसी न किसी प्रकार जुड़ता है।
इतने बड़े परिवर्तन एवं प्रयास के लिए अग्रदूत कौन बने? अग्रिम पंक्ति में खड़ा कौन हो? आवश्यक क्षमता और सम्पदा कौन जुटाए?
निश्चय ही यह नियोजन असाधारण एवं अभूतपूर्व है। इसे, बिना मनस्वी साथी-सहयोगियों के सम्पन्न नहीं किया जा सकता। विचारणीय है कि उतनी बड़ी व्यवस्था कैसे बने?
आरम्भिक दृष्टि से यह कार्य लगभग असम्भव जैसा लगता है लेकिन नेपोलियन जैसा मनुष्य भी इसी धरती का प्राणी था जिसने कहा था कि “असम्भव शब्द मूर्खों की डिक्शनरी में लिखा मिलता है, यदि आल्पस पर्वतों ने राह न दी तो उन्हें इन्हीं पैरों के नीचे रौंदकर रख दिया जाएगा।
परम पूज्य गुरुदेव के बारे में इतनी आश्चर्यजनक बातें हैं कि पूरा एक ग्रन्थ लिखा जा सकता है। आदरणीय चिन्मय जी अखंड ज्योति वाला संस्मरण अनेकों वीडियो में बता चुके हैं। जब लोगों ने कहा कि विज्ञापन आप प्रकाशित नहीं करते हो, पैसा आप लेते नहीं हो तो फिर अखंड ज्योति पत्रिका चलेगी कैसे? गुरुदेव का उस समय का दिया हुआ उत्तर गाँठ बांध लेना चाहिए:
गुरुदेव ने कहा कि यदि इंसान की चलाई हुई योजना होगी तो बंद हो जाएगी लेकिन यदि भगवान की चलाई होगी तो अवश्य चलेगी।
पाठक देख ही रहे हैं कि अखंड ज्योति का प्रसार किस गति से हो रहा है। हमारी वेबसाइट पर मात्र 3 वर्ष के ही Downloadable अंक उपलब्ध हैं, उन्हें अब तक बिना किसी विज्ञापन के, किसी के साथ बात किये बिना 18000 लोग पढ़ चुके हैं। साथिओ,हर किसी को ज्ञान की ज़रुरत है, अज्ञान के महासागर में हाथ-पैर मारने वालों के लिए अखंड ज्योति एक उत्तम लाइटहाउस है।
आइए लेख को रोचक बनाने और संकल्प शक्ति की सार्थकता पर मोहर लगाने के लिए एक पौराणिक कथा को जान लें।
यह कथा बताती है कि जब कोई संकल्पित होकर कार्य करता है तो भगवान भी सहायता करने को दौड़े आते हैं।
पौराणिक कथा के अनुसार, समुद्र किनारे रहने वाली एक नन्हीं टिटहरी पक्षी ने समुद्र तट पर अंडे दिए थे। एक बार समुद्र की लहरें उन अंडों को बहाकर अपने साथ ले गईं।
टिटहरी बहुत दुःखी हुई, उसने संकल्प लिया और अपनी चोंच से समुद्र का पानी निकाल-निकाल कर फेंकना शुरू कर दिया ताकि वह अपने अंडे वापस पा सके। उधर से गुज़र रहे महर्षि अगस्त्य मुनि ने टिटहरी के इस कड़े प्रयास और समर्पण को देखा तो उन्हें नन्हीं सी चिड़िया पर बहुत दया आई। उन्होंने समुद्र से कहा कि वह टिटहरी के अंडे वापस कर दे। घमंडी समुद्र ने उनकी बात नहीं मानी और अंडों को वापस करने से इनकार कर दिया। ऋषि अगस्त्य को बहुत क्रोध आया, क्रोधित होकर महर्षि ने अपने असीम तपोबल से एक ही बार में संपूर्ण महासागर का जल पी लिया। समुद्र के सूखने पर टिटहरी को उसके अंडे सुरक्षित मिल गए। बाद में देवताओं और देवी-देवताओं की प्रार्थना पर महर्षि अगस्त्य ने समुद्र को उसके पूर्व रूप में लौटा दिया।
ऐसे ही कार्यों को ‘‘प्रतिभा’’ कहते हैं, भगवान ऐसे ही प्रतिभावान, संकल्पित साधकों को आमंत्रण दे रहे हैं
साथिओं के सीताहरण वाली पौराणिक गाथा भी स्मरण हो आयी होगी।सीता हरण के उपरान्त जब रावण को परास्त करने का प्रश्न सामने आया तो सभी राजाओं ने भगवान राम द्वारा भेजा गया निमन्त्रण अस्वीकृत कर दिया था लेकिन “सुदृढ़ संकल्पों” के अधूरे रहने से तो दिव्य व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगने की स्थिति आती है।
“जिन खोजा, तिन पाइयाँ” वाली उक्ति के अनुरूप खोज की गई तो रीछ-वानरों में से अनेकों ऐसे मनस्वी निकल पड़े जो आदर्शों के निर्वाह में बड़े-से-बड़ा जोखिम उठाने के लिए तत्परता दिखाने लगे। उनकी एक अच्छी-खासी मण्डली कार्यक्षेत्र में उतरने के लिए कटिबद्ध होकर आगे आ गई। बन्दरों ने लकड़ी-पत्थर एकत्रित किये, रीछों ने इन्जीनियर की भूमिका निभाई और समुद्र पर सेतु बनकर खड़ा हो गया।
एक बार फिर वही शिक्षा सामने आ रही है कि ईश्वर उन्हीं की सहायता करते हैं जो अपनी सहायता आप करते हैं। प्रतिकूलताएँ हटतीं गईं और अनुकूलताएँ जुटती चली गईं। लंका-विजय और श्रीराम की अवध-वापसी वाली कथा सर्वविदित है। माता सीता भी अनेक बन्धनों से छुटकारा पाकर वापस आ गईं।
यहाँ दो निष्कर्ष निकलते हैं:
एक यह कि भगवान राम की प्रतिभा पर विश्वास करके वरिष्ठ वानर भी उत्साह और साहस से भर गए थे। भगवान राम के मूर्धन्यों ने सामान्य स्तर के वानरों को भी प्राणचेतना से ओतप्रोत कर दिया हो और समर्थ व्यक्तियों की एक अच्छी-खासी मण्डली बन गई हो।
दूसरी ओर समर्थ शासनाध्यक्ष भी रावण की असमर्थता और अपनी दुर्बलता को देखते हुए डर गए हों और झंझट में पड़ने से डरकर कन्नी काट गए हों।
ओवरआल निष्कर्ष यही निकलता है कि परिष्कृत प्रतिभा,दुर्बल सहयोगियों की सहायता से भी बड़े से बड़े काम सम्पन्न करा लेती है जबकि डरकर समर्थ व्यक्ति भी हाथ-पैर फुला बैठते हैं।
मार्गदर्शकों की प्रतिभा जिस किसी पर अपनी शक्ति हस्तान्तरित कर दे, वह कुछ से कुछ बन जाता है।
औजारों-हथियारों को ठीक तरह काम करने के लिए उनकी धार तेज़ रखने की आवश्यकता होती है। इसके लिए उन्हें पत्थर पर रगड़ने की आवश्यकता पड़ती है। पहलवान भी जब चाहे दंगल में जाकर कुश्ती नहीं पछाड़ लेते, इसके लिए उन्हेें मुद्दतों अखाड़े में अभ्यास करना पड़ता है। प्रतिभा भी यकायक परिष्कृत स्तर की नहीं बन जाती, इसके लिए आए दिन अवाञ्छनीयताओं से जूझना और सुसंस्कारी आदर्शवादिता का निरन्तर प्रयास जारी रखना पड़ता है। समाज सेवा के रूप में अन्यान्यों के साथ यह प्रयत्न जारी रखा जा सकता है। समाज में ऐसे अवसर निरन्तर नहीं मिलते। निजी जीवन और परिवार-परिकर का क्षेत्र ऐसा है, जिसमें सुधार-परिष्कार के लिए कोई-न कोई कारण निरन्तर विद्यमान रहते ही हैं।
घर में रोज़ बुहारी लगाने की,नहाने, कपड़े धोने की आवश्यकता पड़ती है। अपने गुण, कर्म, स्वभाव में कहीं न कहीं से मलीनता घुस पड़ती है, उनका निराकरण करना नित्य ही आवश्यक होता है। मन में, स्वभाव में पूर्वसंचित कुसंस्कारों, परिचितों के सम्पर्कों से मात्र अनौचित्य ही पल्ले बँधता है। उसका निराकरण अपनेआप से जूझे बिना,समझाने से लेकर धमकाने तक का प्रयोग करने के अतिरिक्त स्वच्छता, शालीनता बनाए बिना नहीं हो सकता। इसके अतिरिक्त आदर्शों का परिपालन भी स्वभाव का अंग बनाना पड़ता है। इसके लिए दूसरों से तो कभी-कभार ही सहायता मिल पाती है।
बच्चे अपने प्रयास से ही घुटनों के बल चलने की कोशिश करते हैं,उनका अगला प्रयास खड़े होने का प्रयत्न करना होता है, तभी वे चलने और दौड़ने में समर्थ होते हैं। स्वयं को, व्यक्तित्व के हर पक्ष को,समुन्नत बनाने के लिए निरन्तर अवसर तलाशने और प्रयत्न करने पड़ते हैं। इस अवसर पर आत्मनिरीक्षण, आत्मसमीक्षा,आत्मसुधार और आत्मविकास के लिए अपनी दिनचर्या में ही प्रगतिशीलता का अभ्यास करना होता है। इसी प्रकार शरीर से एक कदम आगे बढ़ते ही परिवार-परिकर को श्रेष्ठ-समुन्नत बनाने पर ही उनका भविष्य निखरता है,इसलिए उनके परिशोधन के लिए भी श्रमशीलता,शिष्टता,मितव्ययिता, सुव्यवस्था और सहकारिता की प्रवृत्तियों को उन सबके अभ्यास में उतारने के लिए कुछ कारगर कदम उठाने पड़ते है। अन्यथा ‘‘पर उपदेश कुशल बहुतेरे’’ भर बन जाने से उपहास-तिरस्कार के अतिरिक्त और कुछ हाथ नहीं लगता। अपनी योग्यता-क्षमता बढ़ा लेने के उपरान्त ही यह बन पड़ता है कि दूसरों पर इच्छित प्रभाव डाला जाए और उन्हें उठने-बैठने में सक्षम बनाया जाए।
रेल का इंजन स्वयं समर्थ होता है, साधनों से गति पकड़ता है। तभी तो उसके साथ जुड़े हुए पीछे वाले डिब्बे भी गति पकड़ते हैं। इंजन की क्षमता यदि अस्त-व्यस्त हो चले तो फिर वह रेल लक्ष्य तक पहुँचना तो दूर अन्यों का आवागमन भी रोककर खड़ी हो जाएगी।
स्मरण आ रहा है कि हमारी समर्पित आदरणीय संध्या बहिन जी इंजन वाला विशेषण हम जैसे नगण्य साथी के लिए प्रयोग कर चुकी हैं। साथिओं ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए आज तक न जाने कितने ही विशेषण उड़ेल दिए हैं, यह उन सबकी महानता है जिसके लिए हम सदैव नतमस्तक रहेंगें।
जय गुरुदेव
