वेदमाता,देवमाता,विश्वमाता माँ गायत्री से सम्बंधित साहित्य को समर्पित ज्ञानकोष

भगवान् के बैंक से अनुदान लेने की शर्ते

जब हम बैंक से कर्ज़ा लेने के लिए एप्लीकेशन भरते हैं तो बैंक हमारी योग्यता चेक करता है, बैंक हमारी क्रेडिट हिस्ट्री चेक करता है, बैंक हमारा स्ट्रैस टेस्ट करता है,बैंक हमारी लोन वापिस करने की क्षमता चेक करता है, बैंक हमारी नौकरी एवं उसकी स्थिरता चेक करता है.इसके साथ ही और न जाने क्या-क्या शर्ते रखता है, यहाँ तक कि कई बार हमारी सम्पत्ति (घर आदि) भी गिरवी रख लेता है। ऐसी ही कुछ शर्ते भगवान् के अनुदान प्राप्त करने के लिए रखी जाती है। बैंकिंग के शब्दों में इसे योग्यता,Eligibility कहा जाता है भगवान की डिक्शनरी में उसे “पात्रता” कहते हैं। सृष्टि में  पनप रही नकारत्मकता के निवारण के लिए भगवान को अपनी संतान से बड़ा विश्वासपात्र कहाँ मिलेगा? भगवान उसी से अपना काम करवाना चाहते है, क्योंकि श्रेय भी तो अपनों को ही दिया जाता है,वाहवाही भी तो अपनों की ही होनी चाहिए, अपनी संतान को उच्च शिखर पर बैठे देखकर किस पिता का सीना गर्व से न फूलेगा।

साथिओ,उपरोक्त पंक्तिया उस श्रृंखला के 6वें लेख का सारांश हैं जिसका आजकल ज्ञानरथ परिवार में अमृतपान हो रहा है। “क्रांतिधर्मी साहित्य पुस्तकमाला” परम पूज्य गुरुदेव द्वारा रचित 23 पुस्तकों का एक दिव्य संग्रह है। उसी संग्रह की 9वीं पुस्तक “प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” का एक-एक शब्द पढ़कर,समझकर,सरल करके ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार में प्रस्तुत किया जा रहा है।

आइये आज की गुरुकक्षा का शुभारम्भ करें।

**********************

ईश्वर ने सृष्टि के सभी प्रणियों में से केवल मनुष्य को ही इतना कुछ असाधारण दिया है जिसके आधार पर वह अपने लिए सुख-सौभाग्य, प्रगति आदि प्राप्त करने के साथ-साथ औरों के लिये भी सहायक सिद्ध हो सकता है। लेकिन इतने असीमित अनुदान मिलने के बावजूद जब मनुष्य की बुद्धि भ्रष्ट होती है तो समझना कठिन हो जाता है कि यह दुर्बुद्धि का प्रभाव है या माया का भटकाव !!!

कारण कोई भी हो, स्थिति एक ही होती है:

सुख-सौभाग्य के स्थान पर दुर्बुद्धि से वशीभूत मनुष्य अपने तथा औरों के लिये समस्यायें एवं विडम्बनायें ही रचता रह जाता है। लालसा,वासना और अहम के चक्र में मनुष्य स्वयं को दयनीय स्थिति तक पहुँचा देता है।

इस स्वनिर्मित दुर्गति से पार निकलना कैसे हो?

गिरना तो किसी के लिये भी सरल हो सकता है लेकिन उबरने और ऊँचा उठने के लिये केवल अपने पुरुषार्थ से भी काम नहीं चलता, उसके लिये किसी समर्थ सहायक की जरूरत पड़ती है। यह सहायता भी किसी को अकस्मात अप्रत्याशित रूप से मुफ्त में नहीं मिलती। उधार देते समय समर्थ सत्ता भी उसका कुछ बदला चाहती है। मुफ्त में तो कभी भी,किसी को भी कुछ नहीं मिला है। बैंक से लोन लेते समय, शर्तों से भरा कई पन्नों का कॉन्ट्रैक्ट साइन करना पड़ता है,बैंक सुनिश्चित करता है कि लोन लेने वाला व्यक्ति कर्ज़ा वापिस देने  की स्थिति में है भी कि नहीं, कहीं मेरा पैसा लेकर भाग तो नहीं जाएगा!! अपने पैसे की वापसी को सुनिश्चित बनाने के लिए ही बैंक किसी Co-signer की शर्त रखता है, संपत्ति अपने पास रख लेता है आदि आदि, अपने कर्जे की वापसी सुनिश्चित करने के बाद ही बैंक लोन देता है। लोन पास होते ही EMI की वर्षों की किस्तों की लिस्ट हाथ में थमा दी जाती है,उसके बाद क़िस्त चुकाने की सारी  ज़िम्मेवारी केवल कर्ज़दार की  ही होती है।

भगवान के बैंक से अनुदान (Grant) प्राप्त करने के लिए भी इसी तरह का कॉन्ट्रैक्ट साइन करना पड़ता है, उनके बैंक से भी फ्री में कुछ नहीं मिलता, इस बैंक में भी बेसिक शर्तों की पालना करनी ही पड़ती है। भगवान् भी पात्रता देख कर ही अपने अनुदान के  रूप में लोन देते हैं,जी हाँ यह भी लोन ही होता है,काम करते चलो,लोन चुकाते रहो,अपनी क्रेडिट हिस्ट्री बनाते रहो,डिसिप्लिन का पालन करते हुए अपना क्रेडिट स्कोर ऊपर ही ऊपर ले जाते रहो, एक दिन ऐसा आएगा कि अपनी नियमितता एवं अनुशासन से आप क्रेडिट-फ्री हो जायेंगें, उसके बाद केवल कमाई ही कमाई है।

साथिओ,भगवान के साथ बिज़नेस करने का असली सिद्धांत यही है, यहाँ कोई तिकड़मबाज़ी,हेराफेरी,रिश्वतखोरी,चालबाज़ी घोटालाबाज़ी बिलकुल नहीं चलती। भौतिक संसार में ऐसा करने में, कुछ ले-देकर  सज़ा से छूट जाओ लेकिन भगवान की अदालत तो आने वाली कितनी ही पीढ़ीओं  तक को सज़ा सुना देती है।

आइए इस रोचक से Comparison के साथ ज्ञानप्रसाद लेख की ओर  बढ़ते हैं।

गुरुदेव बताते हैं कि मनुष्य पर पात्रता का नियम तीन प्रकार से लागू होता है:

पहला- उत्साह और स्फूर्ति भरी श्रमशीलता

दूसरा- तन्मयता,तत्परता भरी अभिरुचि

तीसरा-उत्कृष्टता के लिए गहरी लगन और ललक।

जो कोई भी इन तीन नियमों का पालन कर रहा है, समझ लेना चाहिये कि उसे सफलता तक दौड़कर जा पहुँचने का दुर्लभ अवसर मिल गया। पात्र होगा तो पानी से न सही, हवा से तो भर ही जायेगा, खाली तो कभी रहेगा ही नहीं। ईश्वर की अनुकम्पा भी ऐसे ही लोगों पर बरसती है। उच्चपदों पर नियुक्ति उन्हीं की होती है,जो निर्धारित मुकाबलों  में बाज़ी  मारते हैं।

वैसे तो ईश्वर के लिए संतान के सभी लोग एक समान एवं प्रिय हैं, ईश्वर किसी को भी कम/ अधिक देकर बेइन्साफी नहीं कर सकते, उनका सहयोग करना सबका परम कर्तव्य है।  जब भी कोई बड़ी इंडस्ट्री लगानी होती है एवं उसके निर्माण में जल्दी भी करनी होती है तो केवल एक ही उपाय रह जाता है और वोह यह है कि बड़ी संख्या में सुयोग्य एवं अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति की जाये,अधिक कारीगर खोजे और जुटाए जाएँ।

अगले दिनों यही होने जा रहा है।

प्रतिभाशाली व्यक्ति जहाँ-तहाँ,इधरउधर काम के लिए मारे-मारे नहीं फिरते रहते,उन्हें तो घर आकर सम्मानपूर्वक ऑफर दिए जाते हैं, गुणवानों, प्रतिभावानों को कभी खाली बैठे नहीं देखा गया है,कुछ न कुछ तानाबाना बुनते ही रहते हैं, यही उनकी प्रवृति होती है। गुरुदेव बता रहे हैं कि यह संक्रमणकाल है,आपत्तिकाल है,इमरजेंसी में तो जो कोई भी मिलता है उसे ट्रैनिग देकर भर्ती कर लिया जाता है,हाँ प्रतिभाशाली आगे-आगे चलते हैं,लीड करते हैं।

भगवान हमसे मांग रहे हैं

भक्त हमेशा भगवान् से अनुग्रह माँगते रहते हैं,खुशामदें,मनुहार करते रहते हैं लेकिन अब की बार भगवान हमसे मांग रहे हैं,यह उनका समय है,युगनिर्माण का समय है।  निर्माणकर्ता को बड़ी ही बेचैनी से सत्पात्रों की खोज करनी पड़ रही है। काम नियन्ता का ही रुका पड़ा है,उसे ही उतावली है। आज जैसी परिस्थितियाँ अधिक दिनों तक नहीं रहने दी जा सकतीं। बदलाव सुनिश्चित है,इसमें अनेकों विभूतिओं  द्वारा बढ़-चढ़कर जो भूमिका निभाई जानी है, उसके लिए तेज़ी से सत्पात्र ढूँढ़े जा रहेे है। विशेष अनुदान और उपहार भी उन्हीं को अविलम्ब मिलने वाले हैं। औसत स्तर के व्यक्तियों से लेकर प्रतिभावानों तक को इस अभिनव सृजन में भाव-भरा योगदान प्रस्तुत करने के लिये समुचित अनुदान उदारतापूर्वक दिये जाने हैं।

साधारण और औसत दर्जे का व्यक्ति भी यदि सामान्य चाल और धीमी गति से प्रगतिपथ पर आगे बढ़ता चले, तो परिणाम ऐसा हो सकता है जिससे उज्ज्वल भविष्य का स्वप्न साकार होते देखा-समझा जा सके। प्रतिभाशालियों का समुदाय आम लोगों से बढ़कर  है, ऐसे लोगों में  शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक साहसिकता और अन्त:करण में उमंग भरी रहती है, वे परिस्थितियों की दृष्टि से सामान्य होने पर भी इतना कुछ कर सकते हैं, जिसे अद्भुत कहा जा सके । जटायु जैसे विभूतिवान अपनी आदर्शवादी उमंगों के आधार पर इतना कुछ कर सके जितना कि बलिष्ठ भी नहीं कर सके। ऐसी कृतियाँ सदा स्मरण की जाती रहेंगी। अष्टावक्र जैसे टूटे-फूटे शरीर वालों ने ऐसे इतिहास की संरचना की, जिसका केवल स्मरण करने से ही मन उल्लास से भर जाता है। लक्ष्मीबाई जैसी लड़कियाँ शत्रुओं के दाँत खट्टे करके, अपने पौरुष का परिचय दे सकीं। भामाशाह की थोड़ी-सी पूँजी ने राणा प्रताप की हारती बाजी को जिता दिया। संसार ऐसी प्रतिभाओं की कथा-गाथाओं से भरा पड़ा है।

मनुष्य के अंदर साहित्य, कला, लगन, संगठन, सुनियोजन जैसे कितने ही ऐसे गुण विद्यमान है जिनका केवल आंशिक उपयोग हो जाए  तो वैयक्तिक और सामूहिक क्षेत्रों में आश्चर्यजनक चमत्कार सामने आ सकते हैं। ऐसे लोगों में वे साधन-सम्पन्न भी आते हैं जिन्हें साधारण लोगों की तुलना में कहीं अधिक उपलब्धियाँ प्राप्त हैं। पैसे वाले ऐसे व्यापक व्यवसाय खड़े कर देते हैं जिसके उत्पादन से अनेकों लोगों की बहुमुखी आवश्यकतायें पूरी होती हैं। वकील, इंजीनियर, डॉक्टर, वैज्ञानिक आदि बुद्धिजीवी अपने कला-कौशल के आधार पर इतनी बड़ी सफलतायें अर्जित करते हैं जितनी साधारण लोगों से तो कल्पना करते भी नहीं बनती। गायक, वादक व अभिनेता स्तर के कलाकार इतना यश और पैसा कमा लेते हैं जिसे साधारण लोगों की दृष्टि में वरदान कहा जा सकता है। समाज में कितने ही मनुष्य विद्यमान होंगें जिन्हें भगवान् के विश्वासपात्र कहा जा सकता है। ऐसे लोग  जिस काम को भी हाथ में लेते हैं, उसे सफलता के उच्च शिखर पर पहुँचा देते हैं। लेकिन कई बार ऐसा भी देखा गया है कि विभूतिवान व्यक्तित्व  भी मात्र लिप्सा, लालसा, तृष्णा, वासना, अहन्ता और संकीर्ण स्वार्थपरता जैसे हेय प्रयोजनों में ही अपनी उन उपलब्धियों को खपा देते हैं, जिनका उपयोग यदि लोक कल्याण के लिये हो सका होता, तो उतने पौरुष से निर्माण की दिशा में इतना कुछ बन पड़ा होता, उनकी कीर्ति-गाथा चिरकाल तक गाई जाती, उनका अनुकरण करके, कितने ही लोग अनुकरणीय आदर्श उपस्थित कर सके होते। गुरुदेव का सन्देश है कि ऐसे लोग जिन्हें भगवान् ने सद्बुद्धि, सत्प्रेरणा और सत्साहसिकता प्रदान की है,अपने साधनों को विलासिता, अहन्ता और मोहजन्य वासना में न लगाकर ऐसे महान् प्रयोजनों में लगाएं ताकि उनसे प्रेरणा पाकर अनेकों लोग सत्मार्ग  पर चल पड़ें । जब ऐसा होता है तब उस समुदाय के सम्मिलित क्रियाकलाप इतने बड़े होते हैं जिनकी कल्पना मात्र से लोगों का हृदय हुलसने लगता है और उनकी देखादेखी अन्य लोग  भी ऐसा कुछ कर बैठने के लिये कटिबद्ध हो जाते हैं, जिससे असंख्यों का हित-साधन हो।

जब सामान्य साधनों और सामान्य-परिस्थितियों के लोगों ने इतने भर से बड़े कार्य कर दिखाये, तो जिनके पास साधन हैं, शक्ति हैं, संगठन हैं, मनोबल हैं, सूझबूझ है, वे कुछ अतिरिक्त उच्चस्तर के काम न कर सकें, ऐसी कोई बात नहीं ।

मनुष्य की तंगदिली, कायरता,कंजूसी एक ऐसा अभिशाप है, जो उसे समर्थ रहते हुए भी कुछ करने नहीं देती,मनुष्य से तरह-तरह के  बहाने गढ़ा लेती है। भगवान् कृष्ण ने अर्जुन को अपना कर्तव्य समझाते हुए कहा था कि हृदय की इस क्षुद्रता, कृपणता से कोई अपना पीछा छुड़ा सके, तो आदर्शवादी उदारता उसके लिए ऐसे पुष्ट आधार बना देती है जिसके बलबूते वह महामानवों की पंक्ति में बैठ सकता है,अपने साथ अन्यों को भी निहाल कर सकता है।

इन्हीं संदेशभरी पंक्तियों के साथ आज के ज्ञानप्रसाद लेख का समापन होता है।

जय गुरुदेव


Leave a Reply