“प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया” पुस्तिका पर आधारित लेख श्रृंखला का 5वां लेख प्रस्तुत करते जिस प्रसन्नता का आभास हो रहा है उसे शब्दों में वर्णित करना लगभग असम्भव ही है। किसी दैवी अनुदान से ही यह सब कुछ समझा जा रहा है,लिखा जा रहा है और हमारे साथी भी न केवल पढ़े ही जा रहे हैं बल्कि नियमितता से सार्थक, Meaningful चर्चा भी कर रहे हैं। आज के लेख में गुरुदेव युगनिर्माण की वेला में इन्हीं वरदानों की शक्ति से अवगत कर रहे हैं।
आइए गुरुचरणों में समर्पित होकर आज के ज्ञानप्रसाद लेख का अमृतपान करें।
*********************
गुरुदेव बता रहे हैं कि 21वीं सदी में ऐसी प्रतिभायें सर्वत्र उभरेंगी जिनके पिछले किये गए क्रिया-कलाप देखने से निराशा होती थी, उनमें से भी कितने ही ऐसे उभरेंगे, जो अपनेआप को तो धन्य बनायेंगे ही अपने इर्द-गिर्द के लोगों को भी पार करके निहाल कर देंगे। ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवार में ऐसा ही हो रहा है।
पैसा, औलाद, स्वास्थ्य और बड़प्पन तो कोई भी,अपने बलबूते, उलटे-सीधे मार्गों से अर्जित कर लेते हैं लेकिन आदर्शों की दिशा में साहसपूर्वक चल पड़ना मात्र उन्हीं के लिये सम्भव होता है जिन पर “भगवान् की विशेष अनुकम्पा बरसती” है, जिसे परमपिता परमात्मा कृपापूर्वक अपने उच्चस्तरीय प्राण का वह भाग प्रदान करते हैं, जिसके सहारे नर-वानर को नर से नारायण बनने का अवसर होता है।
ईश्वरीय अनुकम्पा का शाब्दिक अर्थ है, ईश्वर की कृपा या अनुग्रह प्राप्त होना। इस संसार में प्रत्येक मनुष्य परमात्मा की कृपादृष्टि प्राप्त करना चाहता है। विशेष रूप से तब जब वह दुःखों के सागर में डूबा होता है और अपने आपको असहाय अनुभव करता है। उस समय मनुष्य का झुकाव परमसत्ता की ओर इतना अधिक होता है कि वह भांति-भांति के खिलवाड़,लालच,रिश्वत देकर भी भगवान् को अपना दास/सेवक बनाना चाहता है। दो दिन पहले ही एक शार्ट वीडियो अपलोड की थी जिसमें गुरुदेव हम सबको डाँट रहे थे, कह रहे थे “देवी माँ को फूल चढ़ाएगा, देवी माँ फूल खाती है?.मुर्ख कहीं का, चला है देवी माँ को मुर्ख बनाने, धत्त तेरे की।” हमें बताने की ज़रूरत ही नहीं है कि गुरुदेव की वाणी, लेखन, शब्दावली आदि सब कितने प्रैक्टिकल हैं,यह सब उन्होंने हम जैसे बच्चों को समझाने के लिए सरल बनाया हुआ है।
कल वाले ज्ञानप्रसाद लेख में ही वर्णन था कि ईश्वर की कृपा किसी पर भी अचानक यूं ही नहीं बरस पड़ती । सभी आध्यात्मिक ग्रंथों का यही संदेश है कि ईश्वर की कृपा प्राप्त करने के लिए मनुष्य को, स्वयं को “उचित पात्र” बनाना पड़ता है।
ईश्वर किसी के साथ,कभी भी पक्षपात नहीं करते वह तो आनंद और कृपा के अगाध सागर हैं। उनकी अनुकंपा का द्वार हमेशा खुला रहता है। वह तो सदा ही अपनी आनंदमयी अनुकंपा की बरसात सब प्राणियों पर करने को तैयार रहते हैं। हमारे परमपूज्य गुरुदेव के समेत,इतिहास में कितने ही उदाहरण मिल जायंगें जहाँ गुरु शिष्य को ढूंढता-ढूंढता उसके घर तक आ पंहुचा।
ईश्वर की अनुकंपा से वंचित रहने का कारण हमारी अपनी ही विकृतियां होती हैं। ईश्वर की समीपता का लाभ मनोभूमि को पवित्र बनाए बिना संभव हो ही नहीं सकता। मनुष्य की दुष्ट और तामसिक प्रवृत्ति ही “प्रभु कृपा प्राप्ति” में सबसे बड़ी बाधा है।” जिस प्रकार धुंधले दर्पण में मुंह दिखाई नहीं पड़ता,गंदे पानी की तली में पड़ी हुई वस्तु ओझल रहती है, उसी प्रकार हृदय की मलिनता के कारण आत्मा मूर्छित पड़ी रहती है। वासना और तृष्णा के आवरण आंखों पर पट्टी बांधे रखते हैं। लोभ और आसक्ति रूपी रस्सी मनुष्य के मानस पटल को इस प्रकार जकड़े रखती है कि वह प्रभु अनुकंपा का पात्र बनने ही नहीं देती।
पावन गंगाजल जैसे निर्मल हृदय में ही प्रभु-प्रेम प्राप्त होना संभव होता है।
यहाँ फिर वही बात रिपीट कर रहे हैं जो अनेकों बार पहले भी कही जा चुकी है। ईश्वरीय अनुग्रह की अमृतवर्षा तो सर्वत्र अनवरत रूप से,एक जैसी होती रहती है। उसके लिए किसी से अनुरोध नहीं करना पड़ता लेकिन दुष्ट प्रवृत्तियों से ऐसी तामसिक प्रवृत्तियां भर जाती हैं जिससे अच्छे भले मनुष्य का समूचा व्यक्तित्व पतन के गर्त में जा गिरता है। इसी दुर्गति के दलदल में धंस कर मनुष्य प्रभु कृपा से वंचित रहता है। कठोर चट्टान पर लगातार वर्षा होते हुए भी हरियाली उत्पन्न नहीं होती। इसमें बादलों से अनुरोध करना व्यर्थ है। चट्टान को ही कोमल रेत में बदलना पड़ेगा,रेत भी इतनी उपजाऊ तो नहीं होती लेकिन चट्टान से तो कोमल ही होती है। ठीक इसी प्रकार मनुष्य को भी अपनी मनोभूमि को पावन बनाना चाहिए। कुसंस्कारों की जो परत हृदय पर चढ़ गई है, वही आत्मा और परमात्मा के साक्षात्कार में सबसे बड़ी बाधक है। मनुष्य विवेकशील प्राणी है। नर से नारायण, पुरुष से पुरुषोत्तम, लघु से महान बनने का एक ही उपाय है, हृदय की पवित्रता। शुद्ध मन से ही मनुष्य प्रभु के अनुग्रह का पात्र बनता है।
मानव जीवन प्रभु से मिला एक उत्तम वरदान है। ईश्वर ने हमें विवेक रूपी हीरे से सजाकर इस संसार में भेजा है। हमें अपने जीवन में आने वाली विपरीत परिस्थितियों और दुःखों में भी ईश्वर भक्ति के पथ से विचलित नहीं होना चाहिए। प्रतिपल आत्मिक उन्नति और ईश्वर अनुग्रह का पात्र बनने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
मनुष्य का मन शक्तियों का भंडार है लेकिन अज्ञानतावश हम अपनी मानसिक शक्तियों से अनभिज्ञ ही रहते हैं। इससे हम ईश्वर की कृपा से सदा ही वंचित रहते हैं। जीवात्मा आसुरी वृत्तियों के दलदल में न फंसे, इसके लिए प्रतिपल सात्विक प्रवृत्तियों का संग्रह अति आवश्यक है। यही सात्विक और दैवी विचार हमें ईश्वरीय अनुकंपा के योग्य बनाते हैं। हमारी मानसिक भूमि पर जितनी पवित्र विचार संपदा होगी, उतना ही हम ईश्वरीय आनंद की अनुभूति करने में समर्थ बनते हैं।
जहाँ गुरुदेव हमें 21वीं सदी में विभूतिओं के प्रकट होने की बात बता रहे हैं वहीँ ऐसी दिव्य जानकारी दे रहे हैं जिसे हम भी आत्मसात कर सकते हैं। गुरुदेव बता रहे हैं कि शरीर उन पंचतत्त्वों (पृथ्वी,अग्नि,जल,वायु,आकाश) का बना है जिन्हें जड़ कहा जाता है। जड़ का अर्थ चेतनाहीन,निष्क्रिय कहा जाता है। चेतना ही शरीर में प्राण रूप है। यदि वह निष्फल जाए, तो पाँच तत्त्वों का बना घोंसला निर्जीव (Lifeless) बनकर रह जाता है। ऐसी स्थिति आते ही दूसरों के लिए तो क्या करना मनुष्य तो अपनी रक्षा तक करने में भी असमर्थ हो जाता है, लाश बन कर, तुरन्त सड़ने-गलने लगता है, जीव-जन्तुओं का आहार बनकर, अपनी शक्ल-सूरत तक गँवा बैठता है।
प्राण रहते ही किसी मनुष्य को जीवित कहा जाता है।
वायु की तरह जीवन भी व्यापक और अनन्त है। फेफड़ों में जितनी जगह होती है, वायु उतनी ही मात्रा में ग्रहण की जाती है। शरीर-कलेवर के सम्बन्ध में भी यही बात है। साँस लेते समय उसकी जितनी आवश्यकता पड़ती है, उतनी ही ग्रहण कर ली जाती है बाकी अनन्त आकाश में ही भरी रहती है। जो लोग आकाश से अधिक मात्रा में प्राण ग्रहण करने की कला में प्रवीण होते हैं, “प्राणायाम” क्रिया से अतिरिक्त मात्रा में ग्रहण कर लेते हैं और आवश्यकतानुसार विशेष समय पर प्रयुक्त करते हैं। ऐसे ही लोग प्राणवान् कहलाते हैं और उस संचय से अपना तथा दूसरों का भला करते हैं।
शरीरबल प्राय: इतना ही होता है जितनी सीमित मात्रा में प्राणशक्ति विद्यमान रहती है लेकिन जो आश्चर्यजनक,अद्भुत असाधारण कार्य कर पाते हैं, उनकी चेतना ही विशेष रूप से सक्रिय होती और चमत्कार स्तर के काम करती देखी जाती है। शरीर मनुष्यकृत है, वह नर-नारी के गुण सूत्रों के माध्यम से विकसित होता है किन्तु प्राण देवता है। उसकी असीमित मात्रा इस विश्व-ब्रह्माण्ड में भरी पड़ी है। वह अपने पुरुषार्थ से असाधारण मात्रा में एकत्रित भी हो सकता है और एक से दूसरे में प्रवेश करके अपनी दिव्य क्षमता का हस्तान्तरण भी कर सकता है। इस प्रकार के प्रयोगों को “शक्तिपात” के नाम से जाना जाता है।
प्राण की सत्ता हस्तान्तरण(Transfer) के उपयुक्त भी है। कोई समर्थ व्यक्ति अपनी दिव्य क्षमता का एक भाग दूसरे को देकर उसकी सहायता भी कर सकता है। आदि शंकराचार्य की कथा प्रसिद्ध है, जिसके अनुसार वे कुछ समय के लिये अपने शरीर से निकल कर किसी दूसरी काया में प्रवेश कर गये थे और लम्बी अवधि तक उसी में बने रहे थे।
अन्य विशिष्ट शक्तियाँ भी मनुष्य के साथ अपना तालमेल बिठाती हैं और उसके शरीर द्वारा अपने अभीष्ट प्रयोजन पूरे करती रही हैं। कुन्तीपुत्र, मनुष्य शरीरधारी होते हुए भी विशेष देवताओं के अंश थे। वोह साधारण मानवी काया वाले कार्य भी करते रहे। रामायण काल में हनुमान, अंगद आदि के पराक्रमों को भी ऐसे ही देवोपम माना जाता है।
मनुष्य शरीरधारी सामान्य प्राण वाले लोग वैसा कार्य नहीं कर सकते। अवतारी सत्तायें मनुष्य-शरीर में रहकर ही अपने विशेष कृत्य करतीं हैं और “यदा यदा हि धर्मस्य” वाली प्रतिज्ञा की रक्षा करती हैं।
भगवान् जिन्हें विशेष कार्यों के लिये चुनते, नियुक्त करते हैं, उनमें इस “दिव्य प्राण की मात्रा ही अधिक होती है”, जिसके सहारे वे नर-वानरों की परिधि से ऊँचा उठकर सोचने, ऐसा साहस करने और आदर्श उपस्थित करने में समर्थ होते हैं। भू-बन्धनों की रज्जुओं से जकड़े हुए सामान्य मनुष्य न तो वैसा सोच ही सकते हैं और न ही दिव्य आदर्शों को अपना पाते हैं। दैवी-प्रयोजनों को सिद्ध करने के लिये उनके पास अतिरिक्त आत्मबल का, मनोबल भी नहीं होता। छिटपुट विघ्न ही उन्हें पहाड़ जितने भारी दिखते हैं और जब कुछ कर-गुजरने का समय आता है, तो भयभीत होकर किसी अनर्थ की आशंका करने लगते हैं। कायरता न जाने कहाँ से आकर दौड़ पड़ती है और कभी की हुई प्रतिज्ञायें, लिये हुये संकल्पों को एक प्रकार भूल ही जाते हैं।
दैवी अनुग्रह के सम्बन्ध में भी लोगों की विचित्र कल्पनायें हैं। वे उन्हीं छोटी सम्भावनाओं को दैवी अनुकम्पा मानते रहते हैं जो सामान्य पुरुषार्थ से अथवा अनायास ही संयोगवश लोगों को उपलब्ध होती रहती है। मनोकामनाओं तक ही उनका नाक रगड़ना, गिड़गिड़ाना सीमित रहता है, जिसे वे दैवी अनुकम्पा मानते हैं। आत्मबल, आत्मविश्वास न होने से जो कुछ प्राप्त होता, है, उसे पुरुषार्थ का प्रतिफल मानकर उनका मन सन्तुष्ट ही नहीं होता, उनके लिये हर सफलता दैवी अनुग्रह और हर असफलता दैवी प्रकोप मात्र प्रतीत होती है। ऐसे दुर्बल मनुष्यों की बात छोड़ दें तो यथार्थता समझ में आ जाती है लेकिन अन्तत: एक ही तथ्य सामने आता है कि
मनुष्य जब आदर्शवादी,अनुकरणीय,अभिनन्दनीय कार्यों को करने के लिए उमंगों,तरंगों से भर जाता है तो वह असाधारण कदम उठाने लगता है।
रावण की सभा में अंगद का पैर उखाड़ना तक असम्भव प्रतीत होने लगा था। औसत आदमी को तो हर काम असम्भव लगता है। ऐसे छोटे त्याग करना भी उसे पहाड़ उठाने जैसा भारी पड़ता है जो वस्तुत: हल्के-फुल्के ही होते हैं और जिन्हें हिम्मत के धनी आदर्शवादी आये दिन करते रहते हैं।
“आदर्शवादिता की दिशा में साहसपूर्वक बड़े कदम उठाना”और उस प्रयास में आने वाली कठिनाइयों को हँसते-हँसते दरगुजर कर देना ही दैवी अनुग्रह है। कायरों और हेयजनों के लिये यही पर्वत उठाने जैसा अड़ंगा प्रतीत होता है लेकिन जिनमें मनोबल की कमी नहीं, उनके लिये तो यह सब खेल-खिलवाड़ जैसा लगता है। इतिहास साक्षी है कि जिस किसी पर भगवान् की प्राणचेतना की अनुकम्पा बरसी है, उनको एक ही वरदान मिला है और वह वरदान है:
“सत्कर्म करने का साहस,मनुष्य के अंतःकरण में ऐसा उत्साह विचरता रहता है कि सतत अनुकरणीय और अभिनन्दनीय कार्य करने की लगन उठती रहती है । जहाँ कहीं भी अवांछनीय और अनौचित्य दिखता है, वहाँ लड़ पड़ने का इतना शौर्य-साहस उभरता है कि उसे चरितार्थ किये बिना व्यक्ति शान्ति से बैठ ही नहीं सकता।”
क्या ऑनलाइन ज्ञानरथ गायत्री परिवारजनों को भी उपरोक्त साहस प्राप्त हुआ है,यदि हाँ तो फिर यह ईश्वर का वरदान ही है !!!
जय गुरुदेव
